
Ballia
बलिया. बलिया जनपद में 9 नये मामले आने से पूरे जिले में हड़कम्प मच गया हैं। शुक्रवार को गोरखपुर से कोरोना की रिपोर्ट बलिया के लिए बुरी खबर लेकर आयी। कुल 29 लोगों की जांच में नौ लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इस प्रकार जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 10 हो गयी है। इनमें से 9 चार मई को अहमदाबाद से ट्रेन से आये थे, जबकि 13 साल की एक बच्ची कोलकाता से आई है। पॉजिटिव मिले युवकों में 8 वे हैं जो 11 मई को पॉजिटिव मिले किशोर के साथ ही अहमदाबाद से लौटे थे। प्रशासन ने उन्हें होम क्वारंटीन में भेज दिया था। बाद में किशोर के पॉजिटिव मिलने के बाद इन्हें घर से लाकर सेम्पल लेने के साथ ही दोबारा क्वारंटीन किया गया था।
जिलाधिकारी श्रीहरि प्रताप शाही ने बताया कि रेवती क्षेत्र के भैसहा, बैरिया नगर पंचायत, चांददियर, बाबू का डेरा गांव में दो-दो संक्रमित पाये गये हैं। जबकि जगदेवा व कारो (चितबडगांव) में एक-एक संक्रमित पाये गये हैं। डीएम ने कलक्ट्रेट सभागार में मातहतों के साथ मंथन किया। इसके बाद पॉजिटिव सभी लोगों को आइसोलेशन अस्पताल भेज दिया गया।
कंटेनमेंट और बफर जोन में होंगी यह गतिविधिया -
कोरोना पॉजिटिव की संख्या में इजाफा होते ही पूरे जनपद में खलबली मची हुई है। डीएम ने बताया है कि हॉटस्पॉट के संबंध में यह व्यवस्था है कि जहां कोविड-19 के संक्रमण का एकल प्रकरण हो, वहां एक किलोमीटर का दायरा कंटेनमेंट जोन होगा। इसी तरह जहां एक से अधिक केस होंगे, वहां के ईद-गिर्द तीन किलोमीटर की दूरी कंटेनमेंट जोन तथा दो किलोमीटर दूर का इलाका बफर जोन होगा। कंटेनमेंट जोन में तीन गतिविधियों आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति, चिकित्सकीय टीम तथा सैनिटाइजेशन की टीम के अलावा और किसी भी प्रकार की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने बताया कि 28 दिनों तक कोई संक्रमण प्राप्त नहीं होने पर हॉटस्पॉट ग्रीन जोन में परिवर्तित हो जाएगा। उन्होंने इसका अनुपालन सुनिश्चित करने के लिये अधिकारियों को निर्देश दिया है।
दुकानें रहेंगी बंद, सामानों की होगी होम डिलेवरी
हॉटस्पॉट क्षेत्र में आने वाले सभी जगहों के किसी भी व्यक्ति को घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी। उक्त जगहों पर स्वास्थ्य जांच टीम, साफ-सफाई, सेंनेटाइजेशन से जुड़े कर्मचारी तथा आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई में लगे लोगों के अलाव न तो कोई बाहर आ सकता है और न ही अंदर जा सकता है। हॉटस्पॉट क्षेत्रों में बैंक व राशन की दुकानें व सब्जी मंडी पूरी तरह से बंद रहेंगी। आवश्यक वस्तुओं की होम डिलीवरी जिला प्रशासन सुनिश्चित कराएगा। शत-प्रतिशत घरों की स्वास्थ्य एवं सैनिटाइजेशन कराया जायेगा। उक्त सभी जगहों पर फायर इंजन से छिड़काव कराने के साथ ही लोगों को फेस मास्क भी उपलब्ध कराये जायेंगे।
नहीं चलेंगे निजी वाहन-
मौजूद रहेगी एम्बुलेंस डीएम श्रीहरि प्रताप शाही ने बताया कि हॉटस्पॉट क्षेत्र में डॉक्टर सहित एंबुलेंस लगाई जाएगी। अगर किसी को अस्पताल ले जाना होगा तो उसे एंबुलेंस अथवा एएलएस से पहुंचाया जायेगा। उनका कहना है कि किसी भी दशा में निजी वाहन चलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। आपात स्थिति में बैरिया, रेवती व मुरली छपरा ब्लॉक का कोई भी व्यक्ति चिकित्सा विभाग के कंट्रोल रूम नंबर 05498-220857 अथवा प्रभारी चिकित्साधिकारी रेवती डॉ धर्मेंद्र के मोबाइल नंबर 7065432596 तथा प्रभारी चिकित्साधिकारी नरही के मोबाइल नंबर 9759896185 पर संपर्क कर सकते हैं।
पेट्रोलिंग करेंगी डॉयल 112 की पीआरवी
कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी होने से रोकने के लिये उन गांवों को सील कर दिया गया है जहां के रोगी रहने वाले हैं। डीएम श्रीहरि प्रताप शाही का कहना है कि हॉटस्पॉट क्षेत्र में सघन पेट्रोलिंग की जाएगी। इसके लिए डॉयल 112 की पीआरवी के साथ पुलिस के जवान मुस्तैद रहेंगे। इसके अलावा पुलिस की गाड़ियों से लाउडस्पीकर से घोषणा कर लोगों को जागरुक किया जायेगा। उनका कहना है कि अगर कोई व्यक्ति धारा 144 का उल्लंघन करता हुआ पाया जायेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।
पूर्व में जारी सभी पास निरस्त-
जिलाधिकारी का कहना है कि हॉटस्पॉट क्षेत्र में सेक्टर स्कीम लागू की जाएगी तथा पिकेट ड्यूटी लगाई जाएगी। उन्होंने बताया है कि आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति में लगे व्यक्तियों को छोड़कर शेष सभी को पूर्व में निर्गत पास निरस्त माना जायेगा। इस अवधि में निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार संबंधित क्षेत्र में रहने वाले समस्त व्यक्ति अपने आवास में ही रहेंगे। अगर कोई उल्लंघन करेगा तो इसे दण्डनीय अपराध समझा जाएगा।
Published on:
15 May 2020 08:15 pm
बड़ी खबरें
View Allबलिया
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
