
आरोपी ठाकुर राज सिंह की मां जामवंती सिंह | फोटो सोर्स- X
Suvendu Adhikari News: पश्चिम बंगाल की सियासत को गरमाने वाले रंगनाथ हत्याकांड की जांच अब उत्तर प्रदेश के बलिया तक पहुंच गई है। कोलकाता पुलिस ने यहां के रहने वाले ठाकुर राज सिंह को गिरफ्तार किया है और अपने साथ कोलकाता ले गई है। अब राज की मां जामवंती सिंह का बयान सामने आया है है। मां का कहना है कि उनका बेटा बिल्कुल बेगुनाह है और उसे बेवजह इस मामले में घसीटा जा रहा है।
राज की मां जामवंती सिंह ने बताया कि राज उन्हें लेकर लखनऊ गया था। वहां एक एमएलसी साहब की बेटी की शादी थी। मां ने कहा कि उन्होंने खुद बेटे से साथ चलने को कहा था ताकि वो भी घूम सके और दर्शन कर सकें। वे लोग दोपहर में घर से निकले और शाम को लखनऊ के मैरिज हॉल पहुंचे। राज शादी में गया, जबकि मां कमरे पर रुकी थीं। अगले दिन पूरा परिवार अंबेडकरनगर में बाबा के दरबार में दर्शन करने गया। वहां चादर चढ़ाने के बाद वे लोग अयोध्या दर्शन के लिए निकल गए।
अयोध्या से लौटते समय जब बच्चों को भूख लगी, तो राज ने गाड़ी रुकवाकर सबको खाना खिलाया। जैसे ही वे लोग खाना खाकर बलिया के लिए निकले, तभी एसओजी की टीम ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस ने राज और उसके दोस्तों को अपनी गिरफ्त में ले लिया और मां को रात भर महिला थाने में रखा और राज को पुलिस अपने साथ कोलकाता ले गई।
राज के परिवार और उनके वकील का साफ कहना है कि राज कभी कोलकाता गया ही नहीं और न ही वहां उसका कोई परिचित है। वकील के अनुसार, जिस दौरान की यह घटना बताई जा रही है, उस समय राज बलिया के आनंद नगर में ही मौजूद था। सबूत के तौर पर बताया गया है कि 4 और 6 तारीख को राज ने बलिया के एक शोरूम से कपड़ों की खरीदारी की थी। परिवार का कहना है कि शहर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाए तो साफ हो जाएगा कि राज उस वक्त बलिया में शॉपिंग कर रहा था, तो वह उसी वक्त कोलकाता में वारदात कैसे कर सकता है।
इस मामले में एक नया मोड़ तब आया जब आरोपी की मां ने सरकार से इस पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच कराने की गुहार लगाई है। गिरफ्तारी के वक्त कार में राज सिंह के साथ ड्राइवर और उसके दो दोस्त भी मौजूद थे, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लिया है। राज की मां ने बिलखते हुए कहा कि कोलकाता ले जाने से पहले उन्हें सिर्फ कुछ देर के लिए अपने बेटे से मिलने दिया गया। वह बार-बार बस एक ही बात दोहरा रही हैं कि उनका बाबू बेगुनाह है और उसे किसी बड़ी साजिश का हिस्सा बनाया जा रहा है। परिवार को उम्मीद है कि निष्पक्ष जांच हुई तो राज की बेगुनाही सबके सामने आ जाएगी।
Updated on:
11 May 2026 05:20 pm
Published on:
11 May 2026 05:16 pm
बड़ी खबरें
View Allबलिया
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
