13 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बालोद-दल्लीराजहरा मार्ग पर 8-लेन टोल प्लाजा जल्द होगा शुरू, कार के लिए 50 रुपए शुल्क संभावित, देखें रेट

New Toll Plaza in Balod: बालोद-दल्लीराजहरा मार्ग पर बना 8-लेन टोल प्लाजा जल्द शुरू हो सकता है। एनएचएआई की एजेंसी चयन प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जुलाई-अगस्त से टोल वसूली शुरू होने की संभावना है।

2 min read
Google source verification
Balod Toll Plaza

आठ लेन का बना टोल प्लाजा: Balod Toll Plaza: (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Balod Toll Plaza News: बालोद और दल्लीराजहरा के बीच ग्राम जमही में बना 8-लेन टोल प्लाजा जल्द वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की टोल संचालन के लिए एजेंसी चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। सब कुछ ठीक रहा तो जुलाई या अगस्त से वाहनों से टोल वसूली शुरू हो जाएगी।

जिला मुख्यालय से 16 किमी दूर स्थित अत्याधुनिक टोल प्लाजा लगभग एक वर्ष पहले बनकर तैयार हो चुका है। एनएचएआई को हैंडओवर और संचालन एजेंसी तय नहीं होने के कारण अब तक शुरू नहीं हो पाया था। एनएचएआई को हर महीने लाखों रुपए के राजस्व का नुकसान हो रहा है।

किसे कितना देना होगा टोल

टोल शुल्क राष्ट्रीय राजमार्ग की दूरी के आधार पर तय किया जाएगा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार और जीप जैसे हल्के वाहनों को एक बार गुजरने के लिए 50 रुपए शुल्क देना पड़ सकता है। यदि वाहन 24 घंटे के भीतर वापसी करता है तो कुल 75 रुपए देने होंगे।

स्थानीय लोगों को मिलेगी राहत

टोल प्लाजा से 20 किमी के दायरे में रहने वाले वाहन मालिकों को बड़ी राहत मिलेगी। वे 350 रुपए में मासिक पास बनवाकर महीनेभर असीमित आ-जा सकेंगे। इसके लिए आधार कार्ड और आरसी की कॉपी देनी होगी। जमही टोल प्लाजा में शुल्क निर्धारण जगतरा टोल प्लाजा की तर्ज पर किया जा सकता है। जगतरा में बस और ट्रक के लिए एकतरफा यात्रा शुल्क 170 रुपए और पिकअप वाहनों के लिए 75 रुपए निर्धारित है।

निविदा पूर्ण होने के बाद होगी टोल वसूली

टोल प्लाजा संचालन के लिए अभी नई दिल्ली के मुख्यालय स्तर पर निविदा की प्रक्रिया चल रही है। निविदा पूर्ण होने के बाद ही टोल वसूली शुरू होगी। प्रक्रिया पूरी होते ही जनता को सूचना दे दी जाएगी। -अनिल छारी, एसडीओ, नेशनल हाइवे विभाग बालोद

अंतिम शुल्क दरों की आधिकारिक घोषणा का इंतजार

बालोद-दल्लीराजहरा मार्ग पर बना 8-लेन टोल प्लाजा करीब एक वर्ष से तैयार है और अब इसके संचालन की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है। एनएचएआई द्वारा एजेंसी चयन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जुलाई या अगस्त से टोल वसूली शुरू हो सकती है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार और जीप के लिए 50 रुपये टोल शुल्क संभावित है, जबकि स्थानीय वाहन मालिकों को मासिक पास की सुविधा मिल सकती है। फिलहाल टोल वसूली शुरू होने की तारीख और अंतिम शुल्क दरों की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।