
रात को एक कमरे में दो साढ़ू सोए, सुबह एक की हो गई मौत
बालोद/गुरुर @ patrika. ग्राम मोखा में 45 वर्षीय संजय साहू की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई। 17 साल पूर्व संजय के पिता दादू राम साहू की भी मौत देवरानी-जेठानी नाले में संदेहास्पद परिस्थितियों में हुई थी।
मृतक संजय का साढू दहशत में
जानकारी दी गई कि संजय शनिवार रात अपने रिश्तेदार के घर परिवार सहित गया था। रात्रि में अपने साढू के साथ संजय ग्राम मोखा आ गया था। जहां रात में दोनों एक ही कमरे में सोए थे। सुबह संजय को मृत अवस्था में देख साढू ने लोगों को इसकी जानकारी दी। घटना के बाद से मृतक संजय का साढू दहशत में है, वह कुछ पूछने पर कुछ भी बता नहीं पा रहा है।
परिजन नहीं कराना चाहते थे शव परीक्षण, समझाइश के बाद माने
ग्रामीणों ने बताया कि संजय रात्रि में अपना मोबाइल चार्जिंग में लगाकर मोबाइल में ईयर फोन लगाकर गाना सुनते हुए सो गया। मृतक की संदेहास्पद स्थिति में मौत के बाद भी परिजन उसका परीक्षण नहीं कराना चाहते थे। कुछ समय तक पुलिस एवं परिजन के बीच इसी बात को लेकर बहस चलती रही। अंत में पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद संजय का शव परीक्षण कराया गया।
पिता की मौत की भी जांच हुई थी, पर कोई सुराग नहीं मिला था
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि संजय साहू के गले में लाल निशान था जिसे खून समझा जा रहा है, वहीं कुछ का कहना था कि संजय का हाथ जला हुआ था। गले में मिले निशान के कारण मामला संदेहास्पद माना जा रहा है। परिजन ने बताया मृतक संजय के पिता दादू राम का शव लगभग 17 साल पूर्व संदेहास्पद स्थिति में देवरानी-जेठानी नाले में मिला था। तब दादू राम के शरीर में चोट के निशान दिखे थे। उस दौरान हत्या का मामला पंजीबद्ध हुआ था। कड़ी छानबीन के बाद भी संजय के पिता दादू राम की हत्या का सुराग पुलिस नहीं लगा पाई और फाइल बंद कर दी गई।
शव परीक्षण रिपोर्ट के बाद होगी अगली कार्रवाई
अब संजय की भी संदेहास्पद स्थिति में मौत के बाद एवं परिजन द्वारा उसका शव परीक्षण नहीं कराने के निर्णय ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में शव परीक्षण की रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। संजय घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था। उसका ईंट भट्ठा एवं ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय था। व्यवहार से मधुर एवं मिलनसार संजय की मौत ने क्षेत्र में चर्चा का बाजार गर्म कर दिया है। पुलिस के अनुसार मामले में अभी मर्ग कायम किया गया है। शव परीक्षण रिपोर्ट के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
29 Apr 2019 08:10 am
बड़ी खबरें
View Allबालोद
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
