
जेसीबी से कार के साथ बाहर निकाली लाश (Photo source- Patrika)
CG News: सोमवार सुबह दर्दनाक हादसे में एक बैंक कर्मी की मौत हो गई। हादसा सिमगा और बेमेतरा थाना क्षेत्र के सरहद पर शिवनाथ नदी के पुराने पुल पर हुआ। तेज रफ्तार कार अचानक पुल से सीधे नदी में जा गिरी। इसके तुरंत बाद ही कार सेंट्रल लॉक हो गई। भीतर फंसे युवक को बचाने की हर कोशिश नाकाम रही। आखिर में अंदर फंसकर उसने दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 8.30 बजे की है। कार गिरने के वक्त आसपास मौजूद ग्रामीणों राजू निषाद, केदार निषाद, पप्पू निषाद, धन्ने निषाद, अक्षय निषाद, वीरेंद्र निषाद और संदीप धृतलहरे ने तुरंत नदी में कूदकर युवक को बचाने की कोशिश की। कार का दरवाजा सेंटर लॉक था। नदी में पानी ज्यादा होने से सभी तरह की कोशिशें नाकाम रहीं। स्थानीय लोगों ने रस्सी से कार को खींचने की कोशिश की, लेकिन कार को किनारे तक लाने में देर हो गई।
सूचना पर सिमगा नगर पालिका की जेसीबी और क्रेन मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से कार को नदी से बाहर निकाला गया। कार जब बाहर निकाली गई, तो अंदर एक युवक का शव मिला। उसकी पहचान अमित कोल के रूप में हुई है, जो मध्यप्रदेश के जबलपुर का रहने वाला था। बताते हैं तिक वह रायपुर से अपने गांव जबलपुर लौट रहा था।
CG News: अमित बेमेतरा जिले के बैंक ऑफ इंडिया में पदस्थ था। वह कार से अकेले सफर कर रहा था। बताते हैं कि तेज रफ्तार में कार अनियंत्रित होकर सीधे नदी में गिर गई। मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दी गई। परिवार शोक में है। हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। मृतक बैंक कर्मचारी था। उसकी असमय मौत से बैंक स्टाफ समेत ग्रामीणों में भी शोक है।
घटना स्थल पर पहुंची बेमेतरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के समय पुल पर रेलिंग नहीं होने की भी चर्चा है, जो भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन के लिए एक चेतावनी है।
Updated on:
24 Jun 2025, 12:08 PM IST
Published on:
24 Jun 2025, 12:08 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.