24 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बलौदाबाजार के 36 गांवों में भूमि अधिग्रहण शुरू, 278 किमी लंबी रेल लाइन पर बनेंगे 21 नए स्टेशन

Balodabazar Railway Project: बलौदाबाजार जिले को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने वाली बहुप्रतीक्षित खरसिया-परमालकसा नई रेल लाइन परियोजना ने अब जमीन पर आकार लेना शुरू कर दिया है। जिले के 36 गांवों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
3 min read
Google source verification
New Rail Connectivity Chhattisgarh

278 किमी नई रेल लाइन (फोटो सोर्स- AI)

Balodabazar Land Acquisition: बीते कई दशकों के बाद बलौदाबाजार को रेल लाइन से जोड़ने वाली बहुप्रतिक्षित मांग अब लोगों को पूर्ण होती हुई नजर आने लगी है। जिले की बहुप्रतीक्षित खरसिया-परमालकसा वाया बलौदा बाजार, नवा रायपुर नई रेल लाइन परियोजना अब धरातल पर उतरने लगी है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 16 जुलाई को बलौदा बाजार-भाटापारा जिले में परियोजना से प्रभावित होने वाली जमीनों के भू स्वामियों की सूची जारी कर दी है। इसके साथ ही भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है।

रेलवे प्रशासन ने प्रभावित किसानों और भू स्वामियों को दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत करने के लिए 30 दिन का समय दिया है। जानकारी के अनुसार खैंदा में रेलवे यार्ड, पनगांव में बलौदा बाजार का रेल्वे स्टेशन और रिसदा में सीमेंट परिवहन को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा ज्यादा जमीन ली जा रही है। गौरतलब हो कि करीब 278 किलोमीटर लंबी इस महत्वाकांक्षी रेल परियोजना के पूरा होने से बलौदा बाजार सहित प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों को सीधी और बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।

यह लाईन खरसिया से शुरू होकर बलौदा बाजार, नया रायपुर और रायपुर होते हुए परमलकसा (दुर्ग) तक जाएगी। इस प्रोजेक्ट के तहत 21 नए स्टेशन, 48 बड़े पुल, 349 छोटे पुल, 14 फ्लाई ओव्हर और 184 अंडरपास का निर्माण किया जाएगा। रेलवे ने इस परियोजना को वर्ष 2031 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

आठ जिलों से गुजरेगी नई ट्रेन 21 नए स्टेशन

नई रेल लाईन 8 जिलों से होकर गुजरेगी और इस नई लाईन में कुल 21 नए स्टेशन होंगे जिसमें रायगढ़ जिले में खरसिया तथा चरपारा, सक्ति जिले में कंचनपुर, जांजगीर चांपा जिले में जैजेपुर, करनोद, मिसदा, शिवरीनारायण, चुरतेला बलौदा बाजार जिले में बलौदा बाजार, रिसदा, परसवानी बिलासपुर जिले में जोंधरा, रायपुर जिले में खरोरा, भानसुज, गुजरा, गिरहोला, न्यू अभनपुर, दुर्ग जिले में पाटन, पुरई, भानपुरी तथा राजनांदगांव जिले में परमलकसा नए रेलवे स्टेशन होंगे।

8741 करोड़ रुपए की स्वीकृति

रेलवे मंत्रालय के अनुसार वर्ष 2025-26 में इस परियोजना को 7853.84 करोड़ रुपए की लागत से स्वीकृति दी गई है। वहीं 2026.27 के बजट में इसके लिए 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। परियोजना के तहत कुल 1.715.85 हेक्टेयर भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। इस रेल परियोजना को अप्रैल 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में मंजूरी मिली थी।

36 गांवों में होगा भूमि अधिग्रहण

नई रेल लाइन बलौदाबाजार जिले के कुल 36 गांवों से होकर गुजरेगी। इनमें बलौदा बाजार तहसील के 14, पलारी तहसील के 13 और लवन तहसील के 9 गांव शामिल हैं। बलौदा बाजार तहसील के खम्हरिया, सेम्हराडीह, चांपा पुरान, संकरी, दशरमा, भरवाडीह, पौंसरी, गोडख़परी, मगरचबा, ठेलकी, छुईहा, रिसदा और सैहा गांव प्रभावित होंगे।

पलारी तहसील के चुचरूंगपुर, रेंगाडीह, गाड़ाभाठा, गुमा, जारा, मुसवाडीह, गितकेरा, अमलीडीह, परसवानी, झिराही, छेरकाडीह, खपरी और सरकीपार गांव, लवन तहसील के खैंदा, पनगांव, अमलकुण्डा, धनगांव, मिश्राईनडीह, भदरा, सुढेली, बिटकुली और ताराशिंव गांवों की भूमि भी रेल लाइन निर्माण के लिए अधिग्रहित की जाएगी। इस प्रकार बलौदा बाजार जिले में कुल 343.56 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण प्रस्तावित है।

पर्यटन के साथ ही साथ उद्योगों को भी बढ़ावा

गौरतलब है कि प्रचुर मात्रा में खनिज एवं वन संपदा होने के बावजूद रेलवे लाइन से अब तक अछूते रहे क्षेत्र में रेलवे का आना विकास की गति को और अधिक तेज करेगा। नई रेलवे लाईन प्रारंभ हो जाने से सीमेंट हब के रूप में स्थापित हो चुके बलौदा बाजार को यातायात तथा व्यापारिक दृष्टिकोण से रेलवे लाईन से काफी फायदा होगा। बलौदा बाजार जिले के क्लिंकर, चूना पत्थर के साथ ही साथ रायगढ़ जिले का इस्पात, पावर प्लांट, जांजगीर चांपा जिले के पावर प्लांट के साथ ही साथ जिले के समुचित विकास में और अधिक मदद मिलेगी।