
मृत युवक पार्थिक ध्रुव (Photo Patrika)
Khorsi Nala News: बलौदाबाजार जिला मुख्यालय के समीप खोरसी नाला पार करते समय सोमवार देर रात बिजली विभाग की एक पिकअप गाड़ी तेज बहाव में पलट गई। हादसे में पिकअप सवार चार लोगों में से तीन कर्मचारियों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली, लेकिन 23 वर्षीय विद्युत कर्मी पार्थिक ध्रुव तेज बहाव में बह गया। मंगलवार को एसडीआरएफ और पुलिस की टीम द्वारा चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बुधवार सुबह खैरी रपटा छुईहा मार्ग के पास युवक का शव बरामद हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण पानी में डूबना बताया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार रात लगभग 1:30 से 2 बजे के बीच की है। ग्राम अचानकपुर से बिजली फॉल्ट की शिकायत मिलने पर विभाग के चालक चुम्मन पाल के साथ तीन अन्य कर्मचारी योगेश ध्रुव, युवराज ध्रुव और पार्थिक ध्रुव पिकअप से रवाना हुए थे। वाहन को युवराज ध्रुव चला रहा था। खोरसी नाले के रपटे पर पानी का बहाव तेज था, जिसे पार करने के प्रयास में पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई और चारों कर्मी बहने लगे। तीन लोग सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि पार्थिक बहाव में लापता हो गया था।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन तेज धारा के साथ करीब 800 मीटर तक बह गया। अचानक हुए हादसे से वाहन में बैठे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। तीन कर्मचारियों ने हिम्मत दिखाते हुए पानी में छलांग लगाई और तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।
प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण कई नदी-नाले उफान पर हैं। ऐसे में प्रशासन पहले ही लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों और तेज बहाव वाले नालों से दूर रहने की सलाह दे चुका है। खोरसी नाले में हुआ यह हादसा एक बार फिर यह बताता है कि बारिश के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता लापता कर्मचारी का पता लगाना और बही हुई पिकअप को सुरक्षित बाहर निकालना है।
हादसे के बाद बलौदाबाजार पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। इसके बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर रपटे और पुलिया पार कर रहे हैं, जो जानलेवा साबित हो सकता है। पुलिस ने गाइडलाइन जारी करते हुए कहा है।
उफनते हुए पुल-पुलिया या रपटे को पार करने की कोशिश बिल्कुल न करें।
लापरवाही से बचें
आपकी एक छोटी सी जल्दबाजी पूरे परिवार को जीवनभर का दुख दे सकती है।
निर्देशों का पालन करें
सुरक्षा के लिए लगाए गए चेतावनी बोर्ड और बैरिकेड्स का कड़ाई से पालन करें। आगे जाना मना है का बोर्ड दिखने पर वहां से वापस लौट जाएं।
Updated on:
09 Jul 2026 04:36 pm
Published on:
09 Jul 2026 04:35 pm
