
राजपुर. Balrampur Crime: बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के बरियों चौकी अंतर्गत ग्राम भिलाईखुर्द में मवेशी की हत्या कर कुछ लोगों ने मांस का सेवन किया था। मामले की रिपोर्ट मवेशी मालिक ने चौकी में दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस ने जांच पश्चात 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया है।
बरियों चौकी अंतर्गत ग्राम बादा निवासी सोहरा पहाड़ी कोरवा ने 2 जून को चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 18 मई को उसका एक बैल गुम हो गया था। उसकी खोजबीन के दौरान पता चला कि 24 मई को भिलाईखुर्द निवासी मानसाय पहाड़ी कोरवा, रामनिवास पहाड़ी कोरवा व बुटुल पहाड़ी कोरवा मिलकर उसकी मवेशी की हत्या (Murder and ate meat) करने के बाद मांस का सेवन कर लिए हैं।
इस पर पुलिस ने धारा 429, छग कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत अपराध दर्ज कर तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपियों ने बताया कि 24 मई को भिलाईखुर्द जंगल में उन्होंने टांगी के पास से मवेशी के सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। फिर काट कर पकाने के बाद मांस का सेवन किए। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टांगी, गड़ासा, छुरी व अन्य सामान भी बरामद किया।
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, यहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में चौकी प्रभारी सुभाष कुजूर, कृपानिधान पांडेय, मुन्नाराम टोप्पो, अजय किस्पोट्टा, प्रदीप यादव, नागेन्द्र पाण्डेय, विजय गुप्ता, नरेन्द्र कश्यप, रंजीत गुप्ता, राजू कुजूर, लक्ष्मण यादव, ज्ञानचंद प्रजापति व अर्जित प्रधान शामिल रहे।
Updated on:
2 Jun 2024, 8:13 PM IST
Published on:
2 Jun 2024, 8:13 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.