
रामानुजगंज. Tiger news: बलरामपुर जिले के रामानुजगंज वन परिक्षेत्र अंतर्गत पिछले कुछ दिनों से विचरण कर रहे बाघ एक ही स्थान पर घंटों गुजार रहा है। इसी बीच मंगलवार की शाम वह अंबिकापुर-रामानुजगंज नेशनल हाइवे 343 के किनारे औराझरिया के पास बैठा देखा गया। बाघ के बैठे होने से एनएच पर वाहनों के पहिए थम गए। पुलिस द्वारा लोगों को उधर से निकलने मना किया गया। वहीं करीब 2 घंटे तक बाघ सडक़ किनारे बैठा रहा। बाघ के जाने के बाद आवागमन सुचारू हो गया। मंगलवार की रात ही किसी ने उसके बाघिन होने की बात कही थी। इधर बुधवार को डब्ल्यू डब्ल्यू एफ के अधिकारियों ने ग्राम बरदर के पास उसके पैरों के निशान देख उसके बाघ होने की पुष्टि की है।
गौरतलब है कि बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में पखवाड़ेभर से एक बाघ विचरण कर रहा था। सबसे पहले वह 1 मार्च को वाड्रफनगर से लगे कैलाशपुर जंगल में देखा गया था। दूसरे दिन वहां से निकलकर वह बच्छराजकुंवर जंगल की ओर चला गया था। 6 मार्च को वह गोवर्धनपुर में इरिया नदी में पानी की तलाश में विचरण करता मिला।
इसके बाद वह ग्राम कृष्णपुर धमनी होते हुए 10 मार्च को रामचंद्रपुर ब्लॉक के परहियाडीह जंगल पहुंच गया था। इस दौरान उसने एक बैल का शिकार किया था। यहां से विचरण करता हुआ बाघ 11 मार्च की रात पिपरौल गांव में कार सवारों के सामने आया गया था।
13 मार्च की सुबह वह सेंदूर गांव पहुंच गया था। यह देख लोगों ने उसे दौड़ाना शुरु कर दिया था। ग्रामीणों की काफी भीड़ के हो-हल्ला करने से बाघ भागता नजर आया था। इसके बाद बलरामपुर कलक्टर, एसपी, डीएफओ सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे थे और ग्रामीणों को नियंत्रित किया था। इस दौरान बाघ के नर या मादा होने की पुष्टि नहीं हो पाई थी।
वाइल्ड लाइफ ने की बाघ होने की पुष्टि
14 मार्च की शाम बाघ अंबिकापुर-रामानुजगंज नेशनल हाइवे के किनारे बलरामपुर से 5 किमी दूर औराझरिया में बैठा दिखा। इस दौरान वहां से गुजरने वाले वाहनों के पहिए थम गए। ऐसे में वहां दोपहिया-चारपहिया वाहनों की लाइन लग गई। मौके पर लोगों को कंट्रोल करने के लिए पुलिस व वन अमला तैनात रहा।
करीब 2 घंटे के बाद बाघ जंगल में चला गया। बुधवार को बाघ बलरामपुर से लगे बरदर जंगल में देखा गया। बताया जा रहा है कि वहां से झारखंड 4-5 किमी दूर है। बाघ उसी ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है।
इधर डब्ल्यू डब्ल्यू एफ के अधिकारियों ने बाघ के नर होने की पुष्टि की है। मंगलवार की रात उसके मादा व गर्भवती होने की खबरें उड़ रही थीं।
Published on:
15 Mar 2023 06:23 pm
बड़ी खबरें
View Allबलरामपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
