
आम के बाग में फंदे से झूलता मिला साधु का शव (फोटो- पत्रिका)
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां ललिया थाना क्षेत्र के हाथीगर्दा गांव में सोमवार सुबह एक वृद्ध साधु का शव आम के पेड़ से लटकता मिला। सुबह जब ग्रामीण शौच के लिए गए तो उन्होंने शव को पेड़ से लटकते देखा। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान 65 वर्षीय जटाशंकर तिवारी के रूप में हुई है। वह हाथीगर्दा गांव के ही रहने वाले थे और काफी समय से एक साधु का जीवन व्यतीत कर रहे थे। सोमवार सुबह गांव के कुछ लोग पश्चिम दिशा में स्थित आम के बाग की तरफ शौच के लिए गए थे। इसी दौरान उनकी नजर एक पेड़ की डाल से लटकते हुए शव पर पड़ी। शव एक गमछे के सहारे लटक रहा था। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी जानकारी गांव वालों को दी जिसके बाद मौके पर भीड़ लग गई।
ललिया थाने के प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतारा। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक साधु जटाशंकर तिवारी की पत्नी का निधन करीब दस वर्ष पहले हो चुका था। उनके चार बेटे हैं जो रोजगार के सिलसिले में गांव से बाहर रहते हैं। घर पर वह अकेले ही रहते थे।
पुलिस ने मृतक के छोटे भाई छोटकऊ तिवारी की ओर से दी गई सूचना के आधार पर शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
22 Jun 2026 12:53 pm
Published on:
22 Jun 2026 12:53 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
