
कक्षा में पढ़ती छात्राएं फोटो सोर्स सूचना विभाग
Balrampur News : बलरामपुर में छात्राओं की पढ़ाई को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन ने नई पहल शुरू की है। डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन के प्रयास से कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों और आश्रम पद्धति विद्यालय विशुनपुर विश्राम में अब प्रसिद्ध डिजिटल एजुकेशन प्लेटफॉर्म Physics Wallah के जरिए नियमित ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। इससे छात्राओं को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल रहा है।
बलरामपुर जिले में बालिका शिक्षा को नई दिशा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने डिजिटल शिक्षा की शुरुआत की है। इस व्यवस्था के तहत छात्राएं अब अपने विद्यालय में ही डिजिटल माध्यम से विभिन्न विषयों की पढ़ाई कर रही हैं। उन्हें अनुभवी शिक्षकों द्वारा तैयार किए गए वीडियो लेक्चर, अध्ययन सामग्री, अभ्यास प्रश्न और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। इससे छात्राओं को बेहतर तरीके से पढ़ाई करने का अवसर मिल रहा है।
ऑनलाइन कक्षाएं शुरू होने के बाद छात्राओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। नई तकनीक के जरिए पढ़ाई करने से उनका सीखने का अनुभव पहले की तुलना में अधिक आसान और रोचक बन रहा है। विद्यालयों के शिक्षक भी नियमित रूप से छात्राओं का मार्गदर्शन कर रहे हैं। ताकि डिजिटल पढ़ाई का पूरा लाभ उन्हें मिल सके। जिला प्रशासन का उद्देश्य सीमावर्ती और ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को भी बड़े शहरों के विद्यार्थियों जैसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ने के बाद छात्राओं को राष्ट्रीय स्तर की शैक्षणिक सामग्री तक पहुंच मिल रही है। जिससे उनकी विषयों पर पकड़ मजबूत होगी। भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी आसान होगी।
विद्यालयों में ऑनलाइन पढ़ाई के लिए आवश्यक तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई हैं। जिससे डिजिटल कक्षाओं का संचालन सुचारु रूप से हो रहा है। प्रशासन का मानना है कि यह पहल छात्राओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उनके शैक्षणिक स्तर में भी सुधार लाएगी।
बलरामपुर जैसे सीमावर्ती और आकांक्षी जिले में शुरू की गई यह पहल बालिका शिक्षा को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। उम्मीद है कि डिजिटल शिक्षा का यह मॉडल आने वाले समय में जिले की छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य और शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊंचाई तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा।
Updated on:
08 Jul 2026 06:45 pm
Published on:
08 Jul 2026 06:45 pm
