
बांदा. भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थि कलश यात्रा कल रात बुंदेलखंड के बांदा पहुंची थी, जहाँ सर्किट हॉउस में रात्रि विश्राम के बाद आज बाँदा शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई यह यत्रा चित्रकूट के लिए रवाना हुई। बांदा-चित्रकूट, हमीरपुर-महोबा के सांसदों, स्थानीय विधायकों, पार्टी के कार्यकर्ताओं समेत आम लोगों ने अपने पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजली दी। लोगों को जैसे ही अस्थि कलश पहुंचने की जानकारी हुई, लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा और कलश यात्रा में पुष्प डालने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए और लोगों ने अपने प्रधानमंत्री अटल जी के अस्थि कलश में पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजली दी।
आपको बता दें कि आज सुबह बांदा शहर से चित्रकूट के लिए कलश यात्रा निकली, जहां मंदाकिनी नदी में पूर्व प्रधानमंत्री की अस्थियों का विसर्जन होना है। बीती रात कलश यात्रा बाँदा के सर्किट हॉउस पहुंची थी, जहाँ कुछ समय रुकने के बाद शहर के महाराणा प्रताप चौराहा, कालू कुआ, बाबूलाल चौराहा, अमर टाकीज, माहेश्वरी देवी, बलखंडी नाका तिराहे से होते हुए डिग्गी चौराहे तक पहुंची। इसके बाद वापस माहेश्वरी देवी मंदिर से बाबूलाल चौराहे होते हुए चित्रकूट के लिए रवाना हुई। कलश यात्रा में मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, मंडल के चारों विधायक, बांदा-चित्रकूट के सांसद भैरों प्रसाद मिश्रा व हमीरपुर- महोबा के सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल अस्थि कलश यात्रा में सम्मिलित हुए। इसके अलावा अस्थि कलश यात्रा को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के भी पूरे इंतजाम किये थे, जिस-जिस तरफ से शहर में अस्थि कलश यात्रा निकलनी थी, वहां पर पुलिस बल को भी तैनात किया गया था। इसके पहले आपको यह भी बता दें कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल जी कि अस्थि कलश यात्रा कल रात फतेहपुर जिले से होते हुये बांदा पहुंची थी, जहां से कलश यात्रा बांदा शहर मुख्यालय पहुंची थी। यहां पर भारी संख्या में लोगों ने जगह-जगह पर पुष्प अर्पित कर अपने पूर्व प्राधानमंत्री को श्रद्धांजली दी थी, इसके बाद आज कलश यात्रा चित्रकूट के लिए रवाना हुई।