scriptदेवेगौड़ा व राव ने की संघीय मोर्चे के गठन पर चर्चा | KCR meets Deve Gowda to talk about federal front | Patrika News
बैंगलोर

देवेगौड़ा व राव ने की संघीय मोर्चे के गठन पर चर्चा

राव ने देवेगौड़ा को मोर्चा में शामिल होने का न्यौता देने के साथ ही विधानसभा चुनाव में भी जद (ध) के लिए प्रचार करने की पेशकश की।

बैंगलोरApr 14, 2018 / 01:20 am

Sanjay Kumar Kareer

KCR, HD Deve Gawda
बेंगलूरु. तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चन्द्रशेखर राव ने शुक्रवार को यहां पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा से पद्मनाभ नगर स्थित उनके निवास पर भेंट की। दोनों नेताओं ने राज्य विधानसभा चुनाव और देश के मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा की। करीब एक घंटे की मुुलाकात के दौरान देवेगौड़ा और राव ने संघीय मोर्चे के गठन पर विचार-विमर्श किया।
देवेगौड़ा से मुलाकात के बाद राव ने कहा कि मुलाकात का विधानसभा चुनाव से कोई संबंध नहीं है। कांग्रेस और भाजपा ने देश पर 65 वर्ष तक राज किया लेकिन दोनों विफल रहे।

संघीय मोर्चा सिर्फ सांकेतिक राजनीतिक मंच नहीं होगा। यह देश के आम लोगों को जोड़ेगा और अगले साल होने वाले आम चुनाव से पहले हम किसानों के लिए एजेंडे के साथ सामने आएंगे।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय दलों का गैर भाजपा और गैर कांग्रेस मोर्चा समय की मांग है। राव ने कहा कि दोनों राष्ट्रीय नदी जल बंटवारे से जुड़े विवादों को सुलझाने में विफल रहे हैं। मोर्चा सभी राज्यों के लिए पर्याप्त पानी की उपलबधत सुनिश्चित करेगा।

जद (ध) के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेगौड़ा व पूर्व मुख्यमंत्री एच.डी. कुमार स्वामी ने राव का स्वागत किया। मुलाकात के दौरान फिल्म अभिनेता प्रकाश राज भी मौजूद थे।

राव ने कहा कि प्रकाश राज को उन्होंने ही चर्चा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था। प्रकाश राज पिछले कुछ समय से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आलोचक रहे हैं। हालांकि, प्रकाश राज ने फिर दुहराया कि अभी राजनीति में आने का उनका कोई इरादा नहीं है लेकिन वे मोर्चे को समर्थन देंगे।
जद (ध) के लिए केसीआर करेंगे प्रचार

बैठक के दौरान राव ने देवेगौड़ा को मोर्चा में शामिल होने का न्यौता देने के साथ ही विधानसभा चुनाव में भी जद (ध) के लिए प्रचार करने की पेशकश की जिसे देवेगौड़ा और कुमारस्वामी ने स्वीकार कर लिया। देवेगौड़ा और कुमारस्वामी के साथ भोजन करने के बाद राव ने जद (ध) के चुनाव प्रचार अभियान विकास पर्व के वीडियो भी देखे। राव ने पत्रकारों से कहा कि वे जद (ध) के लिए हैदराबाद-कर्नाटक इलाके सहित कुछ महत्वपूर्ण क्षेत्रों में प्रचार करेंगे। राव ने तेलुगू भाषी मतदाताओं से चुनाव में क्षेत्रीय दल को वोट देने की भी अपील की।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो