
कुवेंपु ले-आउट में करीब 400 मकान बाढ़ में डूबे
बेंगलूरु. मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने रविवार को लगातार दूसरे दिन बाढ़ प्रभावित कोडग़ू जिले के विभिन्न इलाकों का हवाई दौरा किया और बाढ़ पीडि़त लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं की सुनवाई की। रविवार को मैसूरु के मंडकल्ली हवाई अड्डे से हेलीकॉप्टर में सवार होकर निकले मुख्यमंत्री ने सोमवारपेट, सुंतीकोप्पा, सिद्धापुर, माधापुर, मुकोड्लू, हारंगी बैक वाटर तथा कुशालनगर के आसपास के इलाकों का हवाई निरीक्षण किया। बाद में पेरियापट्टणा पर हेलीकाप्टर से उतरने के बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से मडिकेरी के लिए रवाना हो गए। रास्ते में उन्होंने आवर्ती, कुशालनगर के सांई लेआउट और कुवेंपु लेआऊट का दौरा किया और बाढ़ प्रभावित लोगों की शिकायतें सुनी।
उन्होंने इसी दौरान आवर्ती गांव में कुछ महिलाओं को सरकार की तरफ से राहत राशि के चैक भी वितरित किए। सांई लेआउट में करीब 200 मकान तथा कुवेंपु ले-आउट में करीब 400 मकान बाढ़ के पानी में डूब गए हैं। मुख्यमंत्री ने बाढ़ पीडि़तों के साथ बातचीत की और उनको सरकार की तरफ से हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। बाद में सुंती कोप्पा के बाढ़ राहत शिविर में रह रहे करीब 2 हजार लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार जिले के लोगों की रक्षा करने व उनका पुनर्वास करने के लिए हरसंभव कदम उठाएगी। इस बारे में किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है क्योंकि संकट की इस घड़ी में सरकार ुउनके साथ खड़ी है। समय आने पर नियमों का सरलीकरण कर समुचित पुनर्वास के कदम उठाए जाएंगे।
राज्य के राजस्व मंत्री आर.वी. देशपांडे व जिला प्रभारी मंत्री सा.रा.महेश राहत व बचाव कार्य की निगरानी व पर्यवेक्षण कर रहे हैं। राज्य सड़क परिवहन निगम ने रविवार को कोडुगू, मेंगलूरु तथा केरल की तरफ जाने वाली अपनी अंतर राज्यीय बस सेवाएं बहाल कर दीं। सड़कों के क्षतिग्रस्त हो जाने व भूस्खलन के कारण कोडुगू, मेंगलूरु तथा केरल की तरफ जाने वाली बस सेवाओं को पिछले कुछ दिनों से स्थगित कर दिया गया था।
Published on:
20 Aug 2018 07:22 pm
बड़ी खबरें
View Allबैंगलोर
कर्नाटक
ट्रेंडिंग
