
रेलवे बोर्ड अध्यक्ष का दौरा : निर्माणाधीन कार्य समय से पूरे करने के निर्देश
बेंगलूरु. रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष अश्विनी लोहानी ने सोमवार को यहां दक्षिण पश्चिम रेलवे जोन के अंतर्गत कर्नाटक में चल रहे विभिन्न निर्माण और विकास कार्यों की समीक्षा की।
बोर्ड अध्यक्ष ने यहां बैय्यप्पनहल्ली में निर्माणाधीन नए कोचिंग टर्मिनल का निरीक्षण करने के बाद इसे जून 2019 तक पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने हिज्जाल में रेल संरक्षा ग्राम और आपदा प्रबंधन संस्थान के कार्य का मौके पर जाकर जायजा भी लिया और अधिकारियों को इसे भी जून 2019 तक पूरा करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने हिज्जाल स्टेशन का दौरा भी किया। बाद में वे सिटी रेलवे स्टेशन पहुंचे और सभी वर्गों के कर्मचारियों के साथ बातचीत की।
लोहानी ने बाद में बेंगलूरु मंडल के अधिकारियों के साथ एक बैठक कर उनके कार्य निष्पादन की समीक्षा भी की।
बताया गया है कि अध्यक्ष ने अधिकारियों के कार्यों की प्रशंसा की और उनके द्वारा रेल सेवा की बेहतरी के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की है।
बोर्ड अध्यक्ष की यात्रा के दौरान बैठक में दपरे के महाप्रबंधक अजय कुमार सिंह, बेंगलूरु के मंडल रेल प्रबंधक आरएस सक्सेना, दपरे के मुख्य प्रशासनिक (निर्माण) अधिकारी केसी स्वामी और अन्य अधिकारी उनके दौरे के दौरान रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष के साथ थे।
Published on:
20 Nov 2018 05:14 pm
