9 सितंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Karnataka SIR: ‘Prof’ की जगह ‘Proff’! भारत रत्न CNR राव को कर्नाटक में SIR नोटिस

CNR Rao SIR Notice Karnataka: भारत रत्न से सम्मानित वैज्ञानिक प्रोफेसर सीएनआर राव को कर्नाटक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत नाम में कथित विसंगति को लेकर नोटिस जारी किया गया है। पुरानी सूची में ‘Prof CNR Rao’ की जगह नई सूची में ‘Proff CNR Rao’ दर्ज है। उन्हें सुनवाई के लिए बुलाया गया है।
2 min read
Google source verification
Prof CNR Rao voter ID discrepancy

सीएनआर राव को मिला एसआईआर नोटिस (Photo-IANS)

CNR Rao Voter List Notice: देश के जाने-माने वैज्ञानिक और भारत रत्न से सम्मानित प्रोफेसर सीएनआर राव को कर्नाटक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत नाम में कथित गड़बड़ी को लेकर नोटिस जारी किया गया है। दरअसल, उनके नाम को लेकर अंतर सामने आया है। पुरानी वोटर लिस्ट में उनका नाम ‘Prof CNR Rao’ दर्ज है, जबकि नई सूची में इसे ‘Proff CNR Rao’ लिखा गया है। यानी ‘Prof’ में एक अतिरिक्त ‘f’ दर्ज है।

‘कार्यालय को नोटिस की जानकारी नहीं’

हालांकि वैज्ञानिक CNR राव के कार्यालय के प्रतिनिधि ने कहा कि उन्हें अभी तक इस संबंध में कोई नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है। प्रतिनिधि के मुताबिक, नोटिस चुनाव आयोग (ECI) की वेबसाइट पर अपलोड किया गया प्रतीत होता है, लेकिन कार्यालय को इसकी जानकारी नहीं है।

उन्होंने कहा कि हमें अभी तक कार्यालय के रिकॉर्ड या ईमेल के जरिए कोई नोटिस नहीं मिला है। इसका कोई भौतिक पत्र भी हमारे पास नहीं पहुंचा है। प्रतिनिधि ने यह भी स्पष्ट किया कि नाम में अतिरिक्त ‘f’ के अलावा कोई अन्य विसंगति नहीं है।

सुनवाई के लिए बुलाया गया

समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, नोटिस में CNR राव को मामले के समाधान के लिए बेंगलुरु के मल्लेश्वरम स्थित संबंधित कार्यालय में सुनवाई के लिए उपस्थित होने को कहा गया है।

बता दें कि यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब कर्नाटक में एसआईआर के तहत मतदाता सूची में नामों और अन्य विवरणों की जांच की जा रही है। इस प्रक्रिया के दौरान कई प्रमुख लोगों के नामों में विसंगतियां सामने आई हैं।

पद्मश्री हरेकला हजब्बा को भी मिला था नोटिस

दरअसल, इससे पहले कर्नाटक में पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित हरेकला हजब्बा को भी वोटर लिस्ट में नाम में अंतर के कारण नोटिस जारी किया गया था। अधिकारी के मुताबिक, बाद में इस मामले का समाधान कर दिया गया।

कौन हैं CNR राव?

1934 में बेंगलुरु में जन्मे सीएनआर राव ने रसायन विज्ञान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनका शोध खास तौर पर सॉलिड-स्टेट मैटेरियल्स, नैनोमैटेरियल्स और स्ट्रक्चरल केमिस्ट्री जैसे क्षेत्रों में रहा है।

उन्होंने 1976 में भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc) में ठोस अवस्था और संरचनात्मक रसायन विज्ञान इकाई की स्थापना की थी। वह 1984 से 1994 तक IISc के निदेशक भी रहे। CNR राव ने 1,600 से अधिक शोध-पत्र लिखे हैं और उन्हें भारत समेत दुनिया के कई प्रतिष्ठित सम्मान मिल चुके हैं। उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से भी सम्मानित किया गया है।

कर्नाटक में SIR के तहत लाखों नोटिस

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के अनुसार, कर्नाटक में SIR प्रक्रिया के तहत 43.81 लाख से अधिक नोटिस तैयार किए गए हैं। इनमें से करीब 7.31 लाख नोटिस अब तक मतदाताओं को वितरित किए जा चुके हैं।

4 सितंबर तक राज्य की मतदाता सूची में कुल 4,46,38,124 मतदाता दर्ज थे। इनमें करीब 2.21 करोड़ पुरुष, 2.24 करोड़ महिलाएं और 2,871 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।