
बोपय्या सहित कई भाजपा नेता गिरफ्तार
बेंगलूरु. राज्य के विभिन्न जिलों में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने टीपू जयंती के आयोजन के खिलाफ प्रदर्शन किया। पुलिस ने मेंगलूरु, तुमकुरु,कोप्पल, हुब्बली-धारवाड़, कलबुर्गी, बल्लारी, बागलकोट, उडुपी, हासन, मण्ड्या, शिवमोग्गा, मैसूरु, चिकमगलूरु, चित्रदुर्गा, कोलार, कारवार में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष के जी बोपय्या, विधायक सी टी रवि, सांसद प्रह्लाद जोशी समेत कई नेताओं व काफी संख्या में कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। विराजपेट में आयोजित समारोह में भाग लेने के लिए बोपय्या के साथ काले कपड़े पहनकर पहुंचे समर्थकों को पुलिस ने रोक दिया। इसे लेकर बोपय्या और पुलिसकर्मियों के बीच काफी देर तक तकरार हुई। बोपय्या ने समर्थकों के साथ कार्यक्रम का बहिष्कार किया। पत्रकारों से बातचीत में बोपय्या ने कहा कि किसी की जयंती मनाना इस्लाम की मान्यताओं के खिलाफ है। काले कपड़े पहनने के कारण भाजपा के विधान पार्षद सुनील सुब्रमणि को पुलिस ने मडिकेरी किले में आयोजित कार्यक्रम मेें प्रवेश नहीं करने दिया। बाद मेंं पुलिस ने सुनील को हिरासत में ले लिया। चित्रदुर्गा में आयोजन के खिलाफ विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला। पुलिस ने भाजपा नेता अप्पचू रंजन को भी हिरासत में लिया। विभिन्न संगठनों की ओर आहूत मडिकेरी बंद का मिला-जुला असर दिखा। पुलिस ने दावा किया कि पूरे राज्य में कोई अप्रिय वारदात नहीं हुई।
Published on:
11 Nov 2018, 7:37 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.