
पालोदा। मेतवाला बरोडिया की खस्ताहाल सड़क। फोटो पत्रिका
Banswara Road : बांसवाड़ा के पालोदा में समीपवर्ती मेतवाला और बरोडिया गांव को जोड़ने वाली सड़क लंबे समय से खस्ताहाल बनी हुई है। सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि कई जगह डामर पूरी तरह उखड़ चुका है और केवल कंक्रीट के टुकड़े ही बचे हैं। इससे इस मार्ग से गुजरने वाले ग्रामीणों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मेतवाला गांव में परतापुर रोड स्थित तीन मऊड़ी स्थान से बरोडिया जाने वाली करीब दो किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण टुकड़ों में हुआ था। निर्माण के काफी समय बाद अब यह सड़क जर्जर हो चुकी है।
कई स्थानों पर सड़क गायब हो गई है। कंक्रीट के टुकड़े रास्ते में फैले हुए हैं। वहीं सड़क किनारे उगी झाड़ियां भी मार्ग पर आ गई हैं, जिससे आमने-सामने से आने वाले वाहनों के लिए खतरा बढ़ गया है।
इस मार्ग से गुजरते समय हमेशा हादसे का डर बना रहता है। आए दिन दुपहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। बरोडिया, मेतवाला और पालोदा के ग्रामीणों का कहना है कि दोनों गांवों को जोड़ने वाली यह प्रमुख सड़क है, जिससे कम दूरी और कम समय में आवागमन संभव होता है।
ग्रामीण आगे बताते है कि संबंधित विभाग और प्रशासन की ओर से अब तक सड़क की मरम्मत या नवीनीकरण की दिशा में कोई ध्यान नहीं दिया गया है। खासकर रात के समय दुपहिया वाहन चालकों और राहगीरों के लिए यह मार्ग और अधिक खतरनाक हो जाता है।
Updated on:
06 Mar 2026 09:48 am
Published on:
06 Mar 2026 09:48 am
