
फोटो -AI
Rajasthan Road : आदिवासी क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली। प्रतापगढ़ जिले में करजू मोड़ से धोलापानी थाने तक 36.6 किलोमीटर लंबी सड़क को जिला सड़क में क्रमोत्रत कर 8 मीटर चौड़ा बनाने की स्वीकृति मिलने से आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
छोटीसादड़ो और बड़ीसादड़ी विधानसभा क्षेत्रों के ग्रामीण लंबे समय से इस मांग के पूरा होने का इंतजार कर रहे थे। सड़क के चौड़ीकरण और उन्नयन से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा तथा रोडवेज बस संचालन की भी पूरी संभावना बनेगी, जिससे आमजन को सीधे यातायात सुविधा का लाभ मिल सकेगा।
प्रस्तावित मार्ग करजू मोड़ से वाया साटोला, उण्डावेला, पीलीखेड़ा, कालाकोट चौराहा, भाटखेड़ी होते हुए धोलापानी थाने तक जाएगा। जिससे चार दर्जन से अधिक गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। वर्तमान में यह सड़क जर्जर और टूटी हुई स्थिति में है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
सड़क के 8 मीटर चौड़ी बनने से क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के रास्ते खुलेंगे और आदिवासी क्षेत्र में यातायात का नया अध्याय शुरू होगा। बड़ीसादड़ी से प्रतापगढ़ तथा प्रतापगढ़ से उदयपुर तक सीधा संपर्क मजबूत होगा और डूंगला, मंगलवाड़ सहित अन्य मार्गों से कनेक्टिविटी बेहतर बनेगी।
भाजपा जिला अध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत ने बताया कि यह लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख मांग थी, जिसे क्षेत्रीय विधायक श्रीचंद्र कृपलानी ने विधानसभा में उठाया। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की और से प्रस्ताव को अनुमोदित किए जाने के बाद सड़क को जिला सड़क मार्ग में क्रमोन्त्रत किया गया है।
कृष्णावत ने बताया कि क्षेत्रवासियों ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया है। साथ ही उम्मीद जताई है कि जल्द ही यह सड़क नए स्वरूप में तैयार होकर आमजन को समर्पित की जाएगी।
Updated on:
01 Mar 2026 12:22 pm
Published on:
01 Mar 2026 12:22 pm
