
जयपुर एयरपोर्ट पर फंसे गल्फ कंट्री जाने वाले यात्री। फोटो पत्रिका
Iran Israel War : अमरीका और इजराइल के ईरान पर संयुक्त हमले के बाद मिडिल ईस्ट में बिगड़े हालात का असर शनिवार को जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी साफ नजर आया। हालात को देखते हुए एयरलाइंस कंपनियों ने रविवार को जयपुर से मिडिल ईस्ट के लिए संचालित होने वाली सभी फ्लाइट्स रद्द कर दी हैं। वहीं शनिवार को एक फ्लाइट का संचालन पूरी तरह से रद्द रहा। यात्रियों को निराश होकर लौटना पड़ा। दरअसल, हमलों के बाद दुबई का एयर स्पेस अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
इसके चलते वहां से किसी भी फ्लाइट की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। इसका सीधा असर जयपुर एयरपोर्ट से संचालित होने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर पड़ा है। शनिवार शाम शारजाह जाने वाली फ्लाइट का संचालन ऐनवक्त पर रद्द कर दिया गया। इसके अलावा एतिहाद एयरलाइंस की आबूधाबी आने-जाने वाली फ्लाइट भी रद्द रही। अचानक फ्लाइट रद्द होने से कई यात्री एयरपोर्ट पहुंच चुके थे, जिन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ा।
हालांकि शनिवार शाम साढ़े सात बजे एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट जयपुर पहुंची, लेकिन रविवार सुबह स्पाइसजेट और एयर इंडिया एक्सप्रेस की दुबई जाने वाली उड़ानें, एतिहाद की आबूधाबी और सलाम एयर की मस्कट जाने वाली फ्लाइट्स भी रद्द कर दी गईं।
हालात को देखते हुए जयपुर एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। यात्रियों से अपील की गई है कि एयरपोर्ट आने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से फ्लाइट स्टेटस की जानकारी अवश्य लें।
एयरलाइन प्रतिनिधियों के अनुसार, जिन यात्रियों की फ्लाइट रद्द हुई है, उनमें से अधिकांश अगले दिन की बजाय होली के बाद यात्रा करना चाह रहे हैं। बड़ी संख्या में यात्री टिकट का रिफंड लेने में भी रुचि दिखा रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि हालात सामान्य होने के बाद ही यात्रा करना सुरक्षित रहेगा।
अमूमन इन देशों में बड़ी संख्या में राजस्थानी रहते हैं। होली पर काफी लोग आते हैं लेकिन अब युद्ध के हालात पैदा होने से उनकी परेशानी बढ़ गई है। इधर, उनके परिजनों की चिंता बढ़ गई है।
अबू धाबी में जयपुर के कई लोग फंसे हुए हैं। वहां फंसे लोगों ने बताया कि ईरान ने अबू धाबी, दुबई आदि पर भी हमला किया है जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत है। हालांकि मिसाइल को आकाश में ही नष्ट कर दिया गया है।
शहर के महेश नगर निवासी मुकेश शर्मा (परिवर्तित नाम) कंपनी की ओर से ग्रुप के साथ अबू धाबी गए हैं। मुकेश ने जयपुर में परिजनों को जानकारी दी है कि वह जिस होटल में ठहरे हुए हैं वहां उनकी कंपनी के साथ करीब 500 से अधिक लोग मौजूद हैं। कंपनी का एचआर भारतीय दूतावास के संपर्क में है।
मुकेश अबू धाबी से 1 मार्च को जयपुर लौटने वाले थे। जिस स्थान पर वे ठहरे हुए हैं, उससे करीब 30 से 40 किमी दूर अबू धाबी में ईरान ने अमरीकी की ठिकानों को निशाना बनाया। भारत आने वाली सभी उड़ानें फिलहाल रद्द कर दी गई है।
Published on:
01 Mar 2026 08:09 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
