
दर्दनाक हादसा: बैल ने किया बुजुर्ग पर जोरदार हमला, सींग के वार से पेट फटा
बांसवाड़ा.
खमेरा थाना क्षेत्र के देवलिया शक्तावत गांव में मंगलवार सुबह अपने ही बैल के हमले से एक वृद्ध बुरी तरह घायल हो गया। बैल का सींग वृद्ध की पेट में लगा, जिससे उसकी आंतें बाहर आ गईं। गंभीर हालत में उसे घाटोल से बांसवाड़ा लाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शी रिश्तेदार के अनुसार 62 वर्षीय नाथू पुत्र कमला बरोड़ सुबह करीब सात बजे बाड़े में साफ-सफाई से पहले बैलों को चरने के लिए खोल रहा था। वह खूंटे पर झुका हुआ ही था, कि एक बैल ने उसके पेट में दायीं तरफ सींग मार दिया। बैल का सींग नाथू के पेट में जा घुसा, जिससे उसकी आंतें बाहर आ गईं। उसकी चीख सुनकर पास ही काम कर रही पत्नी और पड़ोस के लोग दौड़े और बड़ी मुश्किल से छुड़ाकर निजी वाहन से घाटोल के सामुदायिक स्वास्थ केंद्र ले गए।
वृद्ध की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद सीएससी के चिकित्सक ने उन्हें रैफर कर दिया। बाद में उसे बांसवाड़ा एमजी अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों के दल ने ऑपरेशन किया। वरिष्ठ सर्जन डॉ. वंदना अग्रवाल ने बताया कि वृद्ध की आंतें बाहर आ गईं, लेकिन भीतर से ज्यादा डेमेज नहीं हुआ।
Updated on:
06 Nov 2018 08:31 pm
Published on:
06 Nov 2018 08:31 pm
