
खिलाड़ियों की फाइल फोटो: पत्रिका
School Player Daily allowance Increased: राज्य में विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं और प्रशिक्षण शिविरों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को अब राहत मिलेगी। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, राजस्थान बीकानेर ने सत्र 2026-27 से खिलाड़ियों का दैनिक खुराक भत्ता 150 रुपए से बढ़ाकर 250 रुपए प्रतिदिन करने के आदेश जारी किए हैं। यह बढ़ी हुई राशि क्षेत्रीय, जिला एवं राज्य स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं, प्रशिक्षण शिविरों तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं से पूर्व आयोजित शिविरों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि खिलाड़ियों के दैनिक भत्ते में बढ़ोतरी की मांग लंबे समय से की जा रही थी। वर्ष 2019 के बाद से भत्ते में कोई वृद्धि नहीं हुई थी, जबकि इस दौरान खाद्य पदार्थों, दूध, फल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हुई। ऐसे में खिलाड़ियों को निर्धारित राशि में संतुलित भोजन उपलब्ध कराना मुश्किल हो रहा था। इस मुद्दे को लेकर राजस्थान पत्रिका ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित कर खिलाड़ियों की समस्या को सामने रखा था।
राज्य में माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत 32 तथा प्रारंभिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत 23 खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित होती हैं। इन प्रतियोगिताओं में प्रतिवर्ष दो हजार से अधिक खिलाड़ी भाग लेते हैं। खिलाड़ियों का कहना था कि 150 रुपए प्रतिदिन में चाय-नाश्ता और दो समय का भोजन जुटाना संभव नहीं था। कई खिलाड़ियों को अतिरिक्त खर्च अपनी जेब से वहन करना पड़ता था, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।
विशेषज्ञों के अनुसार 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रतिदिन 2500 से 3000 कैलोरी ऊर्जा की आवश्यकता होती है। इसके लिए उनके भोजन में पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, विटामिन, मिनरल्स, दूध, फल और हरी सब्जियां शामिल होना जरूरी है। सीमित भत्ते के कारण खिलाड़ियों को आवश्यक पोषण नहीं मिल पा रहा था, जिसका असर उनके प्रदर्शन पर भी पड़ता था।
निदेशालय के नए आदेश से खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेल प्रशिक्षकों में खुशी है। राजस्थान शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष विनोद पानेरी ने कहा कि दैनिक भत्ते में की गई वृद्धि से खिलाड़ियों को बेहतर पोषण और सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा तथा वे प्रतियोगिताओं में अधिक आत्मविश्वास के साथ बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।
Updated on:
10 Jun 2026 08:35 am
Published on:
10 Jun 2026 08:35 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
