
बांसवाड़ा. धरा हरी चुनर से शृंगारित करने, आबो हवा को शुद्ध बनाने और प्रकृति की रक्षा के प्रति अपने दायित्व के निर्वहन के लिए राजस्थान पत्रिका के हरयाळो राजस्थान अभियान के तहत सोमवार को इंजीनियरिंग कॉलेज, लोधा परिसर में पौधरोपण किया गया। इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य शिवलाल, उपवन संरक्षक एस आर जाट एवं एसपीआईयू जयपुर के डॉ उदय कुमार दबडे के मुख्य आतिथ्य में महाविद्यालय परिसर में अशोक, जामून सहित अन्य प्रजातियों के पौधे लगाए गए। महाविद्यालय के स्टाफ व विद्यार्थियों ने भी अभियान में भागीदारी निभाई और पौधरोपण कर उनकी देखभाल का संकल्प किया। इससे पूर्व आयोजित समारोह में प्राचार्य ने बताया कि कॉलेज परिसर को हराभरा करने के लिए राजस्थान पत्रिका के हरयाळो राजस्थान के तहत पौधरोपण प्रारंभ किया गया है, जो जारी रहेगा और परिसर में 600 से अधिक पौधे लगाए जाएंगे।
रविवार को हुआ था आगाज
पत्रिका के हरयाळो राजस्थान अभियान का आगाज प्रदेशभर में 7 जुलाई रविवार से हुआ। जिसमें हजारों की संख्या में पौधे रोपे गए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया। बांसवाड़ा में भी रविवार को अभियान के तहत राजस्थान पत्रिका, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पुलिस एवं वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आकाशवाणी के पास ठीकरिया स्थित एमबीसी परिसर में कई किस्म के पौधे लगाए गए वहीं केजीएन ऐसोसिएशन की ओर से राजतालाब पर पौधरोपण किया गया।