
जिला शिक्षा कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए शिक्षक संघ के पदाधिकारी। फोटो पत्रिका
Rajasthan Summer Vacation : राजस्थान शिक्षक संघ सियाराम के तत्वावधान में शुक्रवार को जिला प्रारंभिक शिक्षा कार्यालय बांसवाड़ा में ग्रीष्मावकाश सहित अन्य अवकाशों में की गई कटौती के विरोध में यज्ञ एवं हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। आंदोलन के चौथे चरण में शिक्षकों ने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को सद्बुद्धि देने की कामना की।
कार्यक्रम के संयोजक जिलाध्यक्ष नवीन जोशी ने बताया कि संगठन लगातार शिक्षकों की समस्याओं को लेकर आंदोलनरत है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो आगामी चरणों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। शिक्षकों ने सरकार की अवकाश कटौती नीति पर गहरी नाराजगी जताते हुए इसे शिक्षकों के हितों के विपरीत बताया।
इस दौरान प्रदेश सभाध्यक्ष ललित आर. पाटीदार, प्रदेश अध्यक्ष (मा.शि.) अशोक शर्मा एवं प्रदेश मंत्री नानूराम डामोर ने भी विचार व्यक्त किए। जिलासभाध्यक्ष डायालाल यादव, बदनलाल, पंकज द्विवेदी, निलेश शाह, नारायण सिंह, भूपेश वर्मा, डायालाल यादव घाटोल, लालजी, कुलदीप, चेतन, महेश पाटीदार, महिपाल भाटिया, निलेश भट्ट, रावजी मसार सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।
शिक्षा निदेशालय बीकानेर की ओर से 2026-27 का शिविरा पंचांग में राजकीय विद्यालयों में मई माह में 14 कार्य दिवस बताए गए हैं, वहीं 17 मई से ग्रीष्मावकाश की शुरुआत होगी। शिविरा पंचांग के अनुसार 4 मई से प्रवेशोत्सव का शुरू दूसरा चरण 11 जुलाई तक चलेगा। अध्यापकों को प्रथम चरण में शेष रहे बच्चों के चिन्हीकरण के लिए हाउसहोल्ड सर्वे करना होगा। चिन्हीकरण के बाद सीएसआर मॉड्यूल में इस कार्य की प्रविष्टि करनी होगी।
शिक्षा विभाग ने इस वर्ष 1 अप्रेल में सत्र शुरू किया। अवकाश कम किए गए हैं। स्कूल शिक्षा में ग्रीष्मावकाश कटौती आदेश पर शिक्षक संगठनों ने भी बड़ा विरोध किया है। स्कूल शिक्षा में ग्रीष्मावकाश में 10 दिन की कटौती कर इसे 45 दिन से घटाकर 35 दिन कर दिया गया है जबकि कॉलेजों में ग्रीष्मावकाश 50 से 60 दिन का किया जा रहा है।
बांसवाड़ा. पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय में ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर शनिवार से शुरू होगा। छह दिवसीय प्रशिक्षण में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न गतिविधियां होगी। समय सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक होगा। यह जानकारी प्राचार्य ने दी।
Updated on:
09 May 2026 02:58 pm
Published on:
09 May 2026 02:55 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
