29 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बांसवाड़ा
बांसवाड़ा में ‘रन फॉर वन’ का आयोजन, वनों के संरक्षण और पेड़-पौधों का महत्व बताने उत्साह से दौड़े शहरवासी
Play video

बांसवाड़ा में ‘रन फॉर वन’ का आयोजन, वनों के संरक्षण और पेड़-पौधों का महत्व बताने उत्साह से दौड़े शहरवासी

'Run For Van' : दौड़ में करीब दो हजार लोगों ने लिया भाग, आमजन को दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Google source verification

बांसवाड़ा. पर्यावरण संरक्षण के सम्बन्ध में आमजन में जागृति लाने, पौधें लगाने, उन्हें गोद लेने और संरक्षण के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से रविवार को शहर में रन फॉर वन दौड़ में बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भाग लिया। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर सुबह ‘रन फॉर वन’ कार्यक्रम के तहत आयोजित की गई दौड़ में महिला-पुरुष समेत हर वर्ग ने दौड़ लगाई। जिला एवं सेशन न्यायाधीश एवं प्राधिकरण अध्यक्ष फूलसिंह तोमर ने हरी झण्डी दिखाकर दौड़ को कलक्ट्री परिसर से रवाना किया। इससे पहले उन्होंने कहा कि पेड़ न केवल हरियाली के दूत है, बल्कि ये प्राण वायु दाता होने के साथ कमाऊ पूत भी है। पेड़ों से फल हमें खाने को मिलते हैं। जो बगीचे लगाते हैं, उन्हें आमदनी होती है। फलदार हो या खुशबूदार, पेड़-पौधे हर प्रकार से हमारे जीवन के लिए लाभकारी है। बढ़ते वायु प्रदूषण के चलते शुद्ध हवा (ऑक्सीजन) नहीं मिल पाती है। जिसके चलते प्रतिवर्ष हजारों लोगों की मृत्यु हो रही है। इसलिए पर्यावरण संरक्षण व स्वच्छ हवा के लिए अधिकाधिक संख्या पेड़ लगाने की आवश्यकता है। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से अधिकाधिक संख्या में पौधरोपण तथा संरक्षण करने का आह्वान किया। साथ ही आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी जानकारी देते हुए अधिकाधिक संख्या में प्रकरणों को लोक अदालत के माध्यम से निस्तारित कराने का आह्वान किया।

सफेद टोपी और टी-शर्ट पहन लगाई दौड़
रन फॉर वन दौड़ से पहले कलक्ट्री परिसर में काउंटर लगा दौड़ में भाग लेने वालों को राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर की ओर से उपलब्ध कराई गई सफेद रंग की 250 कैप व 200 टी-शर्ट बांटी गई। इसके अलावा रिलायन्स फाउन्डेशन की ओर से 250 कैप, 450 बैज तथा लायन्स क्लब की ओर से 300 टी-शर्ट वितरित किए गए। जिन्हें पहन सभी ने दौड़ लगाई। दौड़ में स्कूली एवं विधि के विद्यार्थियों, स्काउट गाइड, एनसीसी., नर्सिंग, वनकर्मी, पुलिसकर्मी, विभिन्न समाजसेवी संगठनों के सदस्यों व आम लोगों सहित करीब दो हजार लोगों ने भाग लिया। जिन लोगों को कैप व टी-शर्ट नहीं मिली, वे भी दौड़ में शामिल हुए। रन फॉर वन के तहत कलक्ट्री से रवाना हुई दौड़ एम.जी. हॉस्पिटल चौराहे से मोहन कॉलोनी, रातीतलाई, साजन सजनी वाटिका, हाउसिंग बोर्ड तिराहा, नूतन स्कूल, माही कॉलोनी से होकर मोहन कॉलोनी होते हुए वापस कलक्ट्री परिसर पहुंची।

Video : बांसवाड़ा में महाराणा प्रताप की प्रतिमा के साथ तोडफ़ोड़ से क्षत्रिय समाज में आक्रोश, राजस्थान में आंदोलन की चेतावनी

पिलाई नीबू शिकंजी-शर्बत, बांटे फल
उत्सव फाउण्डेशन की ओर से लोगों को नीबू की शिकंजी-शर्बत पिलाया गया। रिलायन्स फाउण्डेशन की ओर से फल वितरित किए गए। बाद में प्रतिभागियों को दौड़ पूरी करने पर प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। प्रमाण-पत्र के साथ प्रत्येक प्रतिभागी को वन विभाग तथा संत राजचन्द्र संस्थान की डॉ. रागिनी शाह के सहयोग से नि:शुल्क पौधे वितरित किए गए। रन फॉर वन के अवसर पर अंकुर सीनियर सैकण्डरी स्कूल के अध्यापक आशीष शर्मा ने कलक्ट्री परिसर में आमजन को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती आकर्षक रंगोली बनाई। जिसे देख हर कोई गदगद नजर आया।

ये रहे भागीदार
रन फॉर वन दौड़ के अवसर पर पारिवारिक न्यायाधीश धीरेन्द्रसिंह राजावत, विशिष्ट न्यायाधीश (पोक्सो अधिनियम) मोहम्मद आरिफ, अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश कुलदीप सूत्रकार, मुख्य न्यायिक मजिस्टे्रट दीपककुमार सोनी, न्यायिक मजिस्टे्रट आशा चारण, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजीत सिंह चौहान व अधिवक्तागण, उपवन संरक्षक सुगनाराम जाट, अति. जिला कलक्टर राजीव वर्मा, पुलिस उपाधीक्षक प्रभातीलाल, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी एंजलिका पलात, सी.ओ. स्काउट गाइड दीपेश शर्मा, डॉ. रागिनी शाह, शैलेन्द्र सर्राफ, निखिलेश सोनी, राहुल सर्राफ समेत सभी राजकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, राजकीय व निजी शिक्षण संस्थानों के शिक्षक, विद्यार्थी, स्वयंसेवी संस्थानों के प्रतिनिधि व कर्मचारी, नर्सिंग स्टाफ, होमगार्ड स्वयंसेवक, स्काउट गाइड के विद्यार्थी एवं आमजन ने भागीदारी निभाई।

बड़ी खबरें

View All

बांसवाड़ा

राजस्थान न्यूज़