
Sachin Pilot। Photo X @SachinPilot
बांसवाड़ा। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि 12 साल के कार्यकाल में केन्द्र सरकार ने संवैधानिक संस्थाओं को खोखला कर दिया है। सरकार प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और चुनाव आयोग का दुरुपयोग कर रही है।
सचिन पायलट ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि नीट पेपर लीक और राममंदिर के चंदा चोरी मामले में सरकार लीलापोती करने में जुट गई है। सुप्रीम कोर्ट के निर्णय पर राम मंदिर बनाया। इसमें कौन ट्रस्ट संभालेगा, कौन अध्यक्ष बनेगा यह सब केन्द्र सरकार ने तय किया था। चंदा चोरी के प्रकरण से पूरे देश की आस्थाओं पर ठेस लगी है। पर, एफआइआर में चंपतराय का नाम ही गायब है। सरकार को चाहिए कि वह इस पूरे मामले का दूध का दूध और पानी का पानी करें।
पायलट ने भजनलाल सरकार पर स्थानीय निकाय व पंचायत चुनाव टालने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा सरकार चुनाव कराने से पूरी तरह डरी हुई है क्योंकि उसे मालूम है कि मैदान में उतरते ही नतीजे उसके खिलाफ आएंगे।
हाईकोर्ट की ओर से कई बार लताड़ पड़ने के बावजूद सरकार जानबूझकर चुनाव टालने के बहाने ढूंढ रही है। उन्होंने कहा कि यहां सरकार चलाने वालों को खुद नहीं पता कि वे कितने दिन अपनी कुर्सी पर रहेंगे, क्योंकि सारा मामला तो दिल्ली से नियंत्रित हो रहा है। पायलट ने कहा कि जब भी चुनाव होंगे, जनता इस सरकार को सबक सिखाएगी। केवल ग्रामीण ही नहीं, बल्कि शहरी क्षेत्रों में भी कांग्रेस भारी बहुमत के साथ प्रचंड जीत दर्ज करेगी।
पायलट ने कहा कि भाजपा ‘वन नेशन-वन इलेक्शन का स्लोगन’ देकर सरकार चुनाव टाल रही है। तमाम न्यायिक मंचों ने सरकार को फटकार लगा रही है। पर, डबल इंजन सरकार ने पूरा देश अधिकारियों के भरोसे छोड़ दिया है। जनता के काम नहीं हो रहे हैं। हर वर्ग हताश और निराश है। असल बात ये है कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है और वह चुनाव से डर रही है।
पायलट ने कहा कि प्रदेश सरकार का ढाई साल का कार्यकाल हो गया है। पर, ढाई साल में ही जनता ऊब चुकी है। स्थितियां ये है कि जनता के कोई कार्य नहीं हो रहे हैं। कानून व्यवस्था तार-तार हो रही है। कृषक, महिलाएं, आमजन, कर्मचारी हर वर्ग परेशान है। जनता के कार्य तो छोड़े, स्वयं भाजपा के कार्यकर्ताओं के कार्य नहीं हो रहे हैं। सरकारी महकमों में रिक्त पद भरे नहीं जा रहे हैं।
खुद के अगले सीएम के सवाल पर सचिन पायलट ने कहा कि इन बातों में ध्यान मत दो। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में देश के जिन भी राज्यों में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं, वहां कांग्रेस पूरी मजबूती से चुनाव जीतेगी। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि
भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों को ताक पर रखकर काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चाहे शिवसेना हो, एनसीपी हो या तृणमूल कांग्रेस-भाजपा ने हर जगह विपक्षी सांसदों और विधायकों को तोड़कर इधर-उधर करने का काम किया है।
जब जनता का जनादेश नहीं मिलता, तो भाजपा संसद और राज्यों में आर्टिफिशियल मैंडेट तैयार करने की कोशिश करती है। देश की जनता सब देख रही है और वह अपनी जगह अडिग खड़ी है। जनता वक्त आने पर इसका करारा जवाब देगी।
Updated on:
14 Jul 2026 12:07 pm
Published on:
14 Jul 2026 12:07 pm
