
बांसवाड़ा : पुलिस बेपरवाह तो शराब के खिलाफ महिलाओं का हल्ला बोल, तोड़े अवैध अड्डे
बांसवाड़ा. गनोड़ा. चंदूजी का गढ़ा पंचायत के नागदला और जेदला गांव की महिलाओं ने सोमवार को शराब के अवैध अड्डों और भट्टियों के खिलाफ हल्ला बोल दिया। क्षेत्र में शराब के अवैध कारोबार को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए गांवों की तकरीबन सौ महिलाएं एकजुट हुई और कलेक्ट्री पहुंची। जहां जिला कलेक्टर को क्षेत्र में संचालित अवैध अड्डों और भट्टियों को बंद कराने के लिए ज्ञापन सौंपा। साथ ही बताया कि क्षेत्र में गैरकानूनी कार्य को बंद कराने के लिए पूर्व में कई बार पुलिस प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई। बाद में महिलाएं गांव लौटी और खुद ही अवैध अड्डों पर धावा बोल दिया। महिलाओं ने शराब बनाने और उसे संग्रहण में उपयोग में आने वाला सामान खुद ही हटा दिया और पंचायत के बाहर आकर शराब अड्डों का बंद कराने की मांग की।
इसलिए कर रहे विरोध
इससे पहले कलेक्ट्री में महिलाओं ने बताया कि गांव में अड्डे सुलभ होने से उनके पति शराब पीकर घर में आते हैं और रोजना घर के सदस्यों को परेशान करते हैं और बच्चों के साथ मारपीट करते हैं। जिस कारण पूरा परिवार परेशान होता है। यही नहीं, शराब उनके तन को भी खा रहा है, लेकिन सुधार नहीं हो रहा। इसलिए झगड़े की जड़ अवैध शराब के अड्डे पुलिस नहीं हटाती है, तो खुद हटाएंगे।
देसी शराब के 6 ठिकानों पर धावे, शराब जब्त
बांसवाड़ा. जिले के तीन थाना क्षेत्रों में पुलिस ने देसी शराब परिवहन और बिक्री पर सोमवार को छह जगह धावे बोले और बरामदगी कर प्रकरण दर्ज किए। पुलिस के अनुसार खमेरा थाना पुलिस ने दो कार्रवाइयों में जेदला निवासी गोतिया पुत्र होमला के कब्जे से 33 बोतल और इसी गांव के राजू पुत्र रकमा मईड़ा के ठिकाने से 30 बोतल शराब जब्त की। उधर, आंबापुरा थाना पुलिस ने देवगढ़ गांव में रंगलाल पुत्र हरतु और बदरेल के कालू पुत्र हकरिया के कब्जे से 25-25 बोतल महुआ शराब जब्त करने की कार्रवाईकी। इसके अलावा भूंगड़ा थाना पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत गोरछा निवासी कालूराम पुत्र नरू कटारा और कानाडूंकी निवासी देवीलाल पुत्र बालू के कब्जे से क्रमश: 22 और 25 बोतल शराब बरामद की।
कल ही दो केस बनाए, हम महिलाओं के साथ
अवैध शराब के अड्डों और भट्टियों को लेकर महिलाओं की शिकायत सही है। हमने कल ही उनकी सूचना पर कार्रवाई कर दो केस बनाए। आगे भी इसे लेकर कार्रवाई करेंगे।
उदयसिंह, थानाप्रभारी, मोटागांव और खमेरा
Published on:
6 Nov 2018, 3:26 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.