
बड़ी बहन ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की छोटी बहन की निर्मम हत्या। फोटो सोर्स-AI
Crime News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी (Barabanki) जिले में 11 साल की मासूम बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस जांच ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जिस बेटी के हत्यारे का पता लगाने के लिए पिता कई दिनों से व्याकुल था, उसे इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि उसकी छोटी बेटी की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी बड़ी बेटी ने ही की है। पुलिस जांच में सामने आया कि छोटी बहन ने बड़ी बहन को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसी डर से बड़ी बहन ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर छोटी बहन का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
घटना मोहम्मदपुर खाला (Mohammadpur Khala) थाना क्षेत्र की है। मृत बच्ची कक्षा 3 की छात्रा थी। जानकारी के मुताबिक 26 मार्च को वह अपने परिवार के साथ घर से करीब 800 मीटर दूर खेत में पिपरमिंट की रोपाई करवाने गई थी। दोपहर के समय परिवार के लोग खाना खाने के लिए घर चले गए थे, जबकि बच्ची वहीं आसपास ही थी।
करीब 3 बजे जब परिवार के लोग वापस खेत पर पहुंचे तो बच्ची वहां दिखाई नहीं दी। पहले तो परिजनों ने सोचा कि वह आसपास ही कहीं चली गई होगी, लेकिन काफी देर तक तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिवार और गांव के लोगों ने आसपास के खेतों में खोजबीन शुरू की। कुछ देर बाद बच्ची का शव खेत में ही पड़ा मिला, जिसे देखकर परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि बच्ची की मौत गला कसने से हुई है, यानी उसकी हत्या की गई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की और परिवार व आसपास के लोगों से पूछताछ की।
पुलिस की तफ्तीश में अहम सुराग हाथ लगे। जांच के दौरान पता चला कि बच्ची ने अपनी बड़ी बहन को पड़ोसी गांव में रहने वाले उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इस बात के खुलासे के डर से बड़ी बहन ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर छोटी बहन की हत्या कर दी।
मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने बड़ी बहन और उसके प्रेमी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दोनों से पूछताछ की जा रही है। इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं, मासूम बच्ची की मौत से परिवार और गांव के लोगों में गहरा दुख और आक्रोश है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
संबंधित विषय:
Published on:
28 Mar 2026 03:35 pm
बड़ी खबरें
View Allबाराबंकी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
