
प्रभारी मंत्री सुरेश राही
UP Minister Suresh Rahi Barabanki Visit: बाराबंकी में शुक्रवार को प्रभारी मंत्री सुरेश राही का दौरा रहा। कारागार राज्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश राही जिले की सरकारी योजनाओं, स्वास्थ्य केंद्रों और गौशाला का जायजा लेने पहुंचे। निरीक्षण के बाद उन्होंने व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। लेकिन जब बात ई-20 पेट्रोल की आई तो मंत्री साफ किनारा कर गए।
जब उनसे ई-20 पेट्रोल को लेकर उठ रहे सवालों पर राय मांगी गई तो उन्होंने सीधे इनकार कर दिया। मंत्री सुरेश रानी ने कहा देखिए इस मुद्दे पर हम नहीं बात करेंगे। इतना कहकर उन्होंने इस विवाद से दूरी बना ली। ई-20 पेट्रोल पर देशभर में बहस चल रही है। लोग माइलेज कम होने और इंजन पर असर की शिकायत कर रहे हैं। ऐसे में योगी सरकार के मंत्री का यह रुख अब चर्चा में है।
दौरे के दौरान प्रभारी मंत्री सुरेश राही ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। वहां की व्यवस्थाएं उन्हें ठीक लगीं। इसके बाद गौशाला पहुंचे। वहां पानी की टंकी और अन्य सुविधाएं मौजूद थीं। इंजीनियर भी काम पर लगे मिले। मंत्री ने कहा कि सरकार की सभी योजनाएं जनहित की हैं और अधिकारी उन पर गंभीरता से काम कर रहे हैं।
जिले को नंबर देने की बात पूछी गई तो सुरेश राही मुस्कुराए और बोले, आपको मिलाकर बाराबंकी को 100 में 100 नंबर दूंगा। उन्होंने जलभराव की समस्या का जिक्र भी किया। बरसात में कुछ जगहों पर पानी भरने की शिकायत है। इस पर उन्होंने अधिकारियों को पानी निकासी की बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए। मंत्री का कहना था कि ऐसी समस्याएं स्थायी नहीं होतीं। जल्दी निदान हो जाता है। सभी अधिकारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के मुताबिक काम कर रहे हैं। जहां कमी दिखे वहां समय-समय पर निर्देश दिए जाते हैं।
दिल्ली के जंतर मंतर की घटना और उसके यूपी पर असर को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने साफ कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के प्रभाव के अलावा किसी और का असर नहीं है। जनता सरकार की व्यवस्थाओं से प्रभावित है और मुख्यमंत्री के साथ खड़ी है।
Updated on:
01 Aug 2026 05:29 pm
Published on:
01 Aug 2026 05:29 pm
