
चारों मृतकों का फाइल फोटो: पत्रिका
Mother-Son Drowned In Parvati River: शादी की खुशियां मंगलवार को उस वक्त चीख-पुकार में बदल गईं, जब पांच साल के मासूम को बचाने के प्रयास में एक ही परिवार के ही चार लोगों की पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे में बच्चे की जान तो बच गई, लेकिन उसे बचाने पानी में कूदी उसकी दादी, पिता और दो रिश्तेदार सगे भाई जिंदगी की जंग हार गए। हादसे के बाद पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंचा, रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया, ग्रामीणों की मदद से सिविल डिफेंस टीम ने चारों शवों को नदी से निकाला।
बारां के छबड़ा क्षेत्र के गुगोर गांव में मंगलवार को इफ्तियार अली की बेटी की शादी थी। घर में मेहमानों की आवाजाही और खुशियों का माहौल था। शादी में शामिल होने आए छीपाबड़ौद निवासी गुड्डी बाई (47) पत्नी रशीद खां, उनका बेटा सलाम (22), पोता समीर (5), गुना निवासी उनके नवासे अरमान (17) पुत्र बंटी गौरी और यूनुस (18) पुत्र बंटी गौरी पार्वती नदी पर नहाने गए थे।
नहाने के दौरान अचानक समीर का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। मासूम को डूबता देख दादी गुड्डी बाई पोते को बचाने नदी में अंदर चली गईं। बेटे सलाम ने भी मां के पीछे पानी में छलांग लगा दी। दोनों ने बच्चे को बचाने की कोशिश की, लेकिन वे भी पानी की गहराई में डूबने लगे।
उन्हें डूबता देखकर गुड्डी बाई के नवासे अरमान और यूनुस ने भी उन्हें बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी, लेकिन वे भी डूब गए। काफी मशक्कत के बाद आस-पास के लोगों ने समीर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन उसे बचाने गए दादी, पिता और दो फुफेरे सगे भाइयों की जान चली गई।
चार जनों की मौत ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। जिस घर में शादी की खुशियां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसर गया है। सीआई राजेश खटना भी सूचना मिलने के साथ मौके पर पहुंच गए और यहां मोर्चरी में मेडिकल बोर्ड ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने छीपाबड़ौद निवासी रशीद खान की रिपोर्ट पर मृग दर्ज करके जांच प्रारंभ कर दी है। परिजन अरमान व यूनुस के शव को गुना और गुड्डी बाई के शव को छीपाबड़ौद ले गए जहां गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया।
Updated on:
17 Jun 2026 08:32 am
Published on:
16 Jun 2026 01:27 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
