बारां. कोविड-19 वैक्सीनेशन के ड्राय रन के लिए बारां जिले को भी चिह्नित किया गया था। इसके तहत चिकित्सा विभाग की ओर से खासी तैयारी की गई थी। शहर की लंका कॉलोनी स्थित पीएचसी पर भी ड्राय रन किया गया। ड्राई रन के तहत की गई तैयारियों से लंका कॉलोनी पीएचसी निखरे हुए स्वरूप में नजर आई। यहां प्रत्येक कर्मचारी कोविड-19 की पालना करते हुए फुल मेडिकल यूनिफार्म में था। सफेद साफ सुथरे एप्रीन, हाथों में दस्ताने, चेहरों पर सफेद एन-95 मास्कव गले में आई-डी कार्ड पहनकर सोशल डिस्टंसिंग बनाकर ड्राई रन को वास्तविक वैक्सीनेशन-डे का लुक देने में जुटे हुए थे। इससे वास्तविक वैक्सीनेशन सा माहौल बना हुआ था।