बारां/पत्रिका न्यूज नेटवर्क. इस बार कार्तिक पूर्णिमा के दिन चंद्रग्रहण लग रहा है। वहीं दिवाली के ठीक एक दिन बाद सूर्यग्रहण और देव दिवाली पर चंद्रग्रहण है। एक ही महीने में दो ग्रहण होने से राशियों पर अलग-अलग प्रभाव पड़ेंगे। कार्तिक मास की पूर्णिमा पर देव दिवाली मनाई जाती है। कार्तिक की पूर्णिमा के दिन 8 नवंबर, मंगलवार को चंद्रग्रहण होने के कारण देव दीपावली एक दिन पहले 7 नवंबर, सोमवार को मनाई जाएगी। पंडित राजेश शर्मा ने बताया कि ज्योतिष शास्त्र में ग्रहण की घटना को अहम माना गया है। यह साल का आखिरी सूर्यग्रहण होगा जो कि तुला राशि में लगने जा रहा है। मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की अमावस को भारत में खण्डग्रास रूप में सूर्यग्रहण दिखाई देगा। पूर्वी भारत के कुछ प्रदेशों को छोड़कर लगभग सभी जगह खण्डग्रास रूप में दिखाई देगा। भारत में ग्रहणारंभ सूर्यास्त से पूर्व ही हो जाएगा। ऐसा भी कह सकते है कि सूर्य की ग्रस्त स्थिति में ही सर्वत्र सूर्यास्त होगा। अत: ग्रहण का आरंभ तो सभी जगह दिखाई देगा किंतु कुछ जगह पर ग्रहण मध्य नहीं दिखेगा।