
बारां में हुई बारिश का फोटो: पत्रिका
IMD Yellow Alert: मानसून आने में अभी कुछ दिन और बचे हैं, इससे पहले प्री-मानसून की गतिविधियां चल रही है। गुरुवार दोपहर शहर में करीब 20 मिनट मध्यम गति की बारिश हुई। कुछ देर बारिश में ही शहर की सड़कों पर कई जगह जलभराव हो गया। इसके साथ शहर की सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई। नगर परिषद की ओर से शहर में गत दिनों नालों की सफाई शुरू की गई थी जो देरी से शुरू हो पाई और अब तक पूरी नहीं हो पाई है। कई जगह नाले कचरे से अटे पड़े हैं। अब मानसून एकदम पास है, अगर ऐसे ही हाल रहे तो आगे परेशानी बढ़ेगी।
गुरुवार को थोड़ी देर की बारिश से प्रताप चौक, स्टेशन रोड तथा विक्रम चौक, पुलिस चौकी के पीछे क्षेत्र में जल भराव हो गया। विक्रम चौक में जल भराव एक फीट से अधिक हुआ। क्षेत्र के व्यापारी प्रेम कुमार शर्मा, दिनेश चौरसिया तथा हरिओम शर्मा ने कहा कि नगर परिषद ने सफाई पर लाखों रुपए खर्च किए हैं लेकिन थोड़ी सी बरसात में यह हाल है।
उधर, श्रीराम स्टेडियम के सामने मुख्य रास्ते पर फिर पानी भर गया। गत दिनों भी यहां पानी भरा था। नगर परिषद की ओर से कुछ दिन पहले ही नाले पर रैंप बनवाई गई है। निकासी पुख्ता नहीं होने से बारिश का पानी मैन रोड पर भरने लगा है। गुरुवार को नाराज व्यापारियों ने नारेबाजी कर विरोध जताया।
मौसम विभाग के अनुसार मानसून अभी दूर है लेकिन प्री-मानसून की गतिविधियों के चलते 19 और 20 जून को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में 2 दिन IMD ने मेघगर्जन, वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।
बारां शहर को बाढ़ से बचाने के लिए पैकेज के तहत करीब 24 करोड़ रुपए मंजूरी अंतर्गत नालों का निर्माण कराया जाना था, लेकिन सारी प्रक्रिया में ही इतना समय लग गया कि इस साल काम ही शुरू नहीं हो पाए। इसके अंतर्गत चारमूर्ति चौराहा से रोड के दोनों और नए नाले का निर्माण कार्य जो कि स्टेशन रोड, प्रताप चौक, मेन मार्केट धर्मादा चौराहा से फोरेस्ट नाले से जोड़ा जाएगा। वहीं दीनदयाल पार्क से भी दोनों ओर नालों का निर्माण कर प्रताप चौक के नालों से जोड़ा जाएगा, यह स्वीकृत काम भी नहीं हो पाए।
समाचार श्रृंखला के तहत जिम्मेदारों को चेता दिया गया था कि मानसून नजदीक है लेकिन सफाई में चुस्ती नहीं दिख रही, ऐसे में आगे परेशानी आ सकती है। हुआ भी यही, अभी प्री-मानसून में ही कुछ देर झमाझम के बाद जो तस्वीर सामने आई. उससे आगे के हालात को लेकर शहरवासी चिंतित हैं। अगर सुस्ती नहीं तोड़ी गई तो आगे ज्यादा बारिश में मुसीबतें बढ़ेंगी।
Published on:
19 Jun 2026 08:13 am
बड़ी खबरें
View Allबारां
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
