
बारिश। फाइल फोटो- पत्रिका
जयपुर। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने पश्चिमी विक्षोभ के चलते गुरुवार शाम राजस्थान के कई जिलों के लिए तात्कालिक चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार अगले तीन घंटे के दौरान कुछ इलाकों में तेज हवाओं, मेघगर्जन और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, जयपुर, अलवर, बूंदी, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़, अलवर, खैरथल-तिजारा, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़ और बीकानेर में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
यह वीडियो भी देखें
इन क्षेत्रों में धूलभरी आंधी, वज्रपात, ओलावृष्टि तथा हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, सलूंबर, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, अजमेर, नागौर, डीडवाना-कुचामन, ब्यावर, टोंक, सवाई माधोपुर, भरतपुर, डीग, दौसा, करौली और धौलपुर में मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं दूसरी तरफ झालावाड़ गुरुवार को झालावाड़ शहर में मौसम ने अचानक करवट ली। दोपहर करीब 2:30 बजे से तेज बारिश का दौर शुरू हुआ, जो लगभग आधे घंटे तक जारी रहा। इस तेज बारिश से जहां एक ओर लंबे समय से चली आ रही उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली और मौसम में ठंडक घुल गई।
वहीं दूसरी ओर साप्ताहिक हाट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शहर के मोटर गैराज रोड पर प्रत्येक गुरुवार को साप्ताहिक हाट लगती है, जहां बड़ी संख्या में व्यापारी अपनी दुकानें लगाते हैं। बारिश शुरू होते ही हाट में खरीदारी कर रहे लोगों और व्यापारियों में भगदड़ मच गई। विशेषकर प्याज के कई व्यापारियों को क्षति हुई। उनके खुले में रखे प्याज बारिश के पानी से भीगकर खराब हो गए। अचानक हुई इस बारिश से व्यापारियों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है। स्थानीय लोगों ने भी बारिश से मिली राहत का अनुभव किया। हालांकि हाट में हुए नुकसान से कुछ व्यापारियों में चिंता भी देखी गई।
वहीं अलवर के राजगढ़ कस्बे और आसपास के क्षेत्र में गुरुवार दोपहर बाद अचानक बादल छा गए। इसके बाद मेघगर्जना के साथ करीब 15 मिनट मध्यम दर्जे की बारिश होने से सड़क पर पानी बह निकला। बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली। इसके कुछ समय बाद धूप निकल आई।
Updated on:
18 Jun 2026 06:24 pm
Published on:
18 Jun 2026 06:24 pm
