
एसएसपी अनुराग आर्य और हिस्ट्रीशीटर साजिद, रिषभ, कलेक्टर व उस्मान
bareilly news : अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही बरेली पुलिस ने मौलाना तौकीर के गुर्गे साजिद सकलैनी समेत 16 कुख्यात अपराधियों की क्लास-बी हिस्ट्रीशीट खोल दी है। लूट, चोरी, छिनैती, हत्या, हत्या के प्रयास, गौवध, मादक पदार्थ तस्करी, बलवा और दंगा जैसे गंभीर अपराधों में शामिल इन बदमाशों को अब पुलिस की निगरानी सूची में डाल दिया गया है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने आंवला क्षेत्र के दुर्वेश पुत्र जयेन्द्र निवासी कनगांव और जितेंद्र पुत्र नरेशपाल निवासी नटिया खेड़ा को हिस्ट्रीशीटर बनाया गया है। दोनों के खिलाफ चोरी, लूट और हत्या के प्रयास समेत कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड में इनके खिलाफ 10 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मौलाना तौकीर का गुर्गा बारादरी के चक महमूद निवासी साजिद उर्फ साजिद सकलैनी पुत्र नियाज उर्फ नियाजू उर्फ नियामत अहमद का नाम भी सूची में शामिल है। उसके खिलाफ बलवा, दंगा, मारपीट और गंभीर धाराओं में 17 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी।
थाना मीरगंज के सूफी टोला निवासी नजमुद्दीन पुत्र याकूब को गौकशी से जुड़े मामले और नगरिया सादात निवासी इरफान पुत्र नियामू अहमद को हिस्ट्रीशीटर बनाया गया है। दोनों के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं थाना फतेहगंज पश्चिमी के सराय निवासी तस्कर उस्मान पुत्र शाबिर हुसैन, असलम उर्फ पिण्डा पुत्र अय्यूब और अकरम पुत्र बाबू को मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में हिस्ट्रीशीटर घोषित किया गया है। पुलिस का मानना है कि इनकी गतिविधियां युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेल रही थीं।
थाना बहेड़ी के तौफीक शाह पुत्र असगर शाह निवासी फरेदगंज के खिलाफ हत्या, मारपीट और गौकशी समेत 10 मुकदमे दर्ज हैं। हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद उसकी हर गतिविधि पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। वहीं थाना सुभाषनगर क्षेत्र के रिषभ ठाकुर पुत्र गौतम सिंह, मनोज कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी शान्ति विहार कॉलोनी को भी हिस्ट्रीशीटर बनाया गया है। दोनों पर चोरी, लूट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों के मुकदमे दर्ज हैं।
थाना शाही क्षेत्र के फिरोजपुर निवासी एहसान खां पुत्र मो रजा खां, बसई निवासी मुनीश पुत्र राममूर्तिलाल और सुकाली निवासी संजय उर्फ संजू उर्फ रघु पुत्र राजेंद्र की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। इन पर लूट, चोरी, छिनैती और हत्या के प्रयास जैसे मामलों में कार्रवाई हो चुकी है। कुछ आरोपियों के खिलाफ एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा थाना क्योलड़िया के सतवन पट्टी निवासी सलीम हुसैन पुत्र गुलाम हुसैन, कमलापुर निवासी कलेक्टर उर्फ पहलवान उर्फ राजू पुत्र छत्रपाल को भी हिस्ट्रीशीटर घोषित किया गया है। दोनों के खिलाफ हत्या, लूट और चोरी से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। विशेष रूप से कल्लेदार पर 26 मुकदमों का लंबा आपराधिक इतिहास दर्ज है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि इन हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाए। किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए। पुलिस का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
Updated on:
11 Jun 2026 07:26 pm
Published on:
11 Jun 2026 07:26 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
