
जनता का 300 करोड़ लेकर फरार हुआ बरेली का 'नीरव मोदी'
बरेली। जल्द अमीर बनने के लालच में बरेली के करीब 2000 लोग अपनी जीवन भर की कमाई गवा बैठे। रियल स्टेट में निवेश के नाम पर राजेश मौर्य की कम्पनी मैसर्स गंगा इंफ्रासिटी प्राइवेट लिमिटेड में लोगों ने लाखों रुपए जमा किए लेकिन कम्पनी का मालिक जनता की गाढ़ी कमाई लेकर अपने परिवार के साथ फरार हो गया। बताया जा रहा है कि राजेश मौर्य सिर्फ बरेली के लोगों का ही 300 करोड़ से ज्यादा रुपए लेकर फरार हो गया है जबकि इसकी ब्रांच दूसरे प्रदेशों में भी है। इतनी रकम लेकर फरार होने वाले राजेश मौर्य को बरेली का नीरव मोदी कहा जाने लगा है। वहीं अपना लाखों रुपए गवा चुके लोग अब पुलिस के चक्कर काट रहे हैं।
300 करोड़ से ज्यादा की ठगी
बारादरी में सतीपुर इलाके की चंद्रगुप्तपुरम कॉलोनी के रहने वाले राजेश मौर्य ने ग्रीन पार्क के सामने अरमान हाइट्स बिल्डिंग में गंगा ग्रुप ऑफ कंपनीज के नाम से ऑफिस खोला था। रियल इस्टेट कारोबार बताकर कंपनी ने लोगों के लाखों-करोड़ों रुपए निवेश कराये। उन्हें डेढ़ साल में रुपए दो गुने करने का झांसा दिया। इसके अलावा हर महीने ब्याज देने की भी स्कीम चलाई। आरोपी राजेश मौर्य और उसके साथी एजेंट लोगों को डेढ़ साल और ढाई साल के निवेश की गई रकम की दोगुनी रकम के चेक काटकर देते थे। कई लोगों को उन्होंने प्लॉट की भी रजिस्ट्री कराई। किसी ने घर बेचकर कंपनी में पैसा लगाया तो किसी ने घर गिरवी रखकर, तो किसी ने अपनी पत्नी के गहने बेचकर या गिरवी रखकर अपना पैसा लगाया। लेकिन अब ये सभी बर्बाद हो गए क्योंकि ठग सारा पैसा लेकर फरार हो गए है।पुलिस भी मान रही है कि ये 300 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी का मामला है।
खोल रखे थे ऑफिस
ठग राजेश मौर्या ने शहर भर में 160 फ्रेंचाइजी खोल रखी थी। एक फ्रेंचाइजी के लिए दो लाख रुपए लेता था और फिर उसे हर महीने 10 हजार रुपए और ऑफिस का खर्च देता था। लोगों को राजेश पर बहुत विश्वास था और लोग आंख बंद करके अपनी जमा पूंजी लगा रहे थे।लेकिन पिछले कई महीनों से कंपनी के चेक बाउंस हो रहे थे। लोग उनके आफिस में जाकर हंगामा कर रहे थे। शुक्रवार को मैसर्स गंगा इंफ्रासिटी प्राइवेट लिमिटेड का एमडी राजेश मौर्य और उसके साथी एजेंट ऑफिस में ताला डालकर फरार हो गये। इसके बाद लोगों ने ऑफिस में हंगामा किया। आरोपियों के मोबाइल नंबर भी बंद जा रहे हैं। लोगों ने एसएसपी ऑफिस में मामले की शिकायत की। इसके बाद थाना बारादरी पहुंच कर आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई।
यह भी पढ़ें- स्मैक तस्कर गिरफ्तार, 80 लाख की स्मैक बरामद
इन पर हुआ मुकदमा
एसपी सिटी अभिनंदन सिंह ने बताया कि आरोपी राजेश मौर्य समेत आठ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और रुपए हड़पने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने राजेश मौर्य, एजेंट अजय मौर्य, मनोज मौर्य, दिनेश मौर्य, विश्वनाथ मौर्य, कृष्णनाथ मौर्य, शिवनाथ मौर्य और संदीप सिंह के खिलाफ बारादरी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
Published on:
12 Jul 2018, 6:30 PM IST
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.