
दहेज की मांग पूरी न होने पर, एसएसपी के आदेश पर एफआईआर (फोटो सोर्स पत्रिका)
बरेली। कैंट क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए गंभीर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पति, सास-ससुर, ननद और तहेरे ससुर सहित कई परिजनों पर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना, जान से मारने की धमकी और मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। मामले में कैंट पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
पीड़िता का विवाह किला निवासी सचिन कुमार शर्मा पुत्र ओम प्रकाश शर्मा के साथ हुआ था। सचिन भारतीय सेना में सिपाही के पद पर कार्यरत हैं। पीड़िता के अनुसार शादी में उसके परिजनों ने लगभग 35 लाख रुपये खर्च किए थे। सगाई में 11 लाख व लगुन में 5 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात और तमाम घरेलू सामान दिया गया था। इसके बावजूद विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष स्कार्पियो गाड़ी और 20 लाख रुपये की मांग करने लगा।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति, सास, ससुर, ननद और तहेरे ससुर ने मिलकर उसे बुरी तरह पीटा और जान से मारने की धमकी दी। कहा गया कि अगर स्कार्पियो और 20 लाख नहीं लाई तो जिंदा नहीं बचेगी। बाद में उसे पहने कपड़ों में ही घर से निकाल दिया गया। इसके अलावा ससुराल में उसे आए दिन ताने दिए जाते थे। ससुराल वालों ने इतना प्रताड़ित किया कि उसका स्वास्थ्य बिगड़ गया और पेट में गांठ बन गई। इलाज के बाद स्थिति सामान्य हुई, लेकिन उत्पीड़न नहीं रुका। उसे बांझ कहकर अपमानित किया जाता रहा।
10 मई को जब पीड़िता के माता-पिता समझौते की नीयत से ससुराल पहुंचे तो ससुर और तहेरे ससुर ने उनके साथ अभद्रता की और गाली-गलौज कर दिया। पीड़िता ने बताया कि उसका पूरा स्त्रीधन और सामान भी ससुराल पक्ष के कब्जे में है। इस मामले में पीड़िता ने एसएसपी अनुराग आर्य न्याय की गुहार लगाई। एसएसपी के आदेश के बाद कैंट पुलिस ने पति समेत 6 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
संबंधित विषय:
Updated on:
22 May 2025 01:45 pm
Published on:
22 May 2025 01:45 pm
