
शरीयत को लेकर पर्सनल लॉ बोर्ड जदीद की बैठक, आ सकता है बड़ा फैसला
बरेली। इन दिनों तीन तलाक, हलाला और बहु विवाह की चारों तरफ चर्चा है और बरेली की रहने वाली दो पीड़ित समाज सेवियों ने तो इन प्रथा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है इन सबके बीच शनिवार को तलाक, हलाला, बहु विवाह, दारुल इफ्ता और दारूल कजा को लेकर ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (जदीद) एक महत्त्वपूर्ण बैठक करने जा रहा है। ये बैठक दरगाह आला हजरत स्थित नबीरे आला हजरत मौलना तौकीर रज़ा खां के मेहमान खाने में होगी। जिसमें देश भर के उलेमा जुटेंगे। जो तलाक, हलाला, बहु-विवाह, दारूल कजा और दारूल इफ्ता पर चर्चा करेंगे। इसके साथ ही शरीयत को बदनाम करने वालों के खिलाफ अपना रुख साफ करेंगे।
यह भी पढ़ें- मथुरा: महिला डॉक्टर की चाकुओं से गोदकर हत्या
देश भर के उलेमा होंगे शामिल
बरेली की रहने वाली निदा खान और फ़रहत नक़वी ने तीन तलाक, हलाला, बहु विवाह के खिलाफ मुहिम छेड़ रखी है इतना ही नहीं महिलाओं के मामलों को सुलझाने के लिए महिला काजी की भी मांग की जा रही है। इसके बाद ही जदीद की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में इन सब मसलों पर विस्तार से चर्चा होगी और उलेमा अपना रुख साफ करेंगे। बैठक में उत्तराखण्ड से मौलाना ज़ाहिद रज़ा, झारखंड से मुफ़्ती याक़ूब, उत्तर प्रदेश से मौलाना रईस अशरफ, पश्चिम बंगाल से मौलाना सनाउलला, बिहार से मौलाना सैयद अहमद रज़ा, मौलाना अक़ील अख्तर, उत्तर प्रदेश के मौलाना फुरकान रज़ा, मौलाना हाशिम कानपुरी, पश्चिम बंगाल के मौलाना शाहनवाज़, महारष्ट्र से मौलाना हबीबुर रहमान समेत कार्यकारी के सभी सदस्य शामिल होंगे।
महिला काजी की मांग उठी
आला हजरत हेल्पिंग सोसायटी की अध्यक्ष और तीन तलाक पीड़ित निदा खान ने प्रधानमंत्री को पत्र लिख कर देश में महिला काजी नियुक्त करने की मांग की है ताकि मुस्लिम महिलाओं के मामलों का ढंग से निस्तारण हो सके। निदा खान ने कहा कि महिला आयोग की तरह एक व्यवस्था बनाई जाए। ताकि शादी या तलाक का सारा रिकॉर्ड यहां मौजूद रहे। तलाक पीड़ित महिलाओं के लिए मेरा हक संगठन चलाने वाली फ़रहत नक़वी ने भी महिला काजी की मांग की है।
Updated on:
14 Jul 2018, 4:05 PM IST
Published on:
14 Jul 2018, 4:05 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.