29 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan: राजस्थान में नए सत्र की तैयारियों के बीच शिक्षा विभाग की बड़ी चूक आई सामने, असमंजस में ये स्टूडेंट्स

Rajasthan Education Department: नया शैक्षणिक सत्र 2026-27 इस बार एक अप्रैल से शुरू हो रहा है, लेकिन प्रदेश के शिक्षा विभाग की तैयारियों में एक बड़ी चूक सामने आई है।

2 min read
Google source verification
school students

परीक्षा देती छात्राएं। पत्रिका फाइल फोटो

बालोतरा। नया शैक्षणिक सत्र 2026-27 इस बार एक अप्रैल से शुरू हो रहा है, लेकिन प्रदेश के शिक्षा विभाग की तैयारियों में एक बड़ी चूक सामने आई है। कक्षा 9वीं और 11वीं की पूरक परीक्षा का कार्यक्रम अब तक जारी नहीं करने से शिक्षक, संस्था प्रधान, छात्र और उनके अभिभावक असमंजस और परेशानी में हैं।

वार्षिक परीक्षाओं की तिथियों में बदलाव के बाद 9वीं और 11वीं की परीक्षाएं 7 से 19 मार्च तक आयोजित की गई थीं। इसके बाद 25 मार्च को परिणाम घोषित कर दिए गए, लेकिन किसी विषय में अनुत्तीर्ण रहे या मेडिकल कारणों से परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए, उनके लिए पूरक परीक्षा को लेकर कोई स्पष्टता नहीं है।

अगले सत्र पर पड़ेगा प्रभाव

एक संस्था प्रधान ने बताया कि उनके स्कूल में 5 छात्र पूरक परीक्षा के लिए पात्र हैं, लेकिन विभागीय निर्देशों के अभाव में कोई तैयारी नहीं हो पा रही है। इसका अगले शैक्षणिक सत्र पर भी प्रभाव पड़ने की आशंका है। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि एक अप्रेल से सत्र शुरू करने की जल्दबाजी में विभाग ने वार्षिक परीक्षाओं और नए सत्र की व्यवस्थाओं पर तो ध्यान दिया, लेकिन पूरक परीक्षा के कार्यक्रम को नजरअंदाज कर दिया। सामान्यतः परिणाम घोषित होने के कुछ ही दिनों के भीतर पूरक परीक्षा की तिथियां जारी कर दी जाती हैं, ताकि विद्यार्थी समय रहते बैक पेपर क्लियर कर सकें।

इनका कहना है

बालोतरा के मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी देवाराम प्रजापत का कहना है कि शिक्षा निदेशालय से निर्देश मिलने के बाद जल्द ही पूरक परीक्षा का कार्यक्रम जारी किया जाएगा।

प्रवेशोत्सव अभियान चार चरणों में

शिक्षा विभाग ने हर बार की तरह इस बार भी स्कूलों में नामांकन बढ़ाने के लिए प्रवेशोत्सव अभियान का शुभारंभ कर दिया है। प्रवेशोत्सव को सफल बनाने के लिए हाउस होल्ड सर्वे किया जा रहा है, जिसका शुभारंभ 27 मार्च से हो चुका है। अभियान को चार विशेष चरणों में पूरा करने की योजना बनाई है, जो 27 मार्च, 6 अप्रेल, 10 अप्रेल और 15 अप्रेल को किया जाएगा। अभियान के तहत 3 से 18 वर्ष तक के बच्चों को शत-प्रतिशत नामांकन से जोड़ना है।

गर्मियों की छुट्टी 16 मई से 20 जून तक

बता दें कि इस बार नया शिक्षा सत्र 1 अप्रेल से शुरू होने जा रहा है, इसको लेकर शिक्षा विभाग और स्कूलों में तैयारियां जोरों पर है। स्कूलों में एक अप्रेल से 15 मई तक पढ़ाई होगी। इसके बाद तय शेड्यूल के अनुसार 16 मई से 20 जून तक गर्मियों की छुट्टी रहेगी। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद 21 जून से स्कूलों का संचालन फिर से शुरू होगा।