
घरों में पंखे मंद, स्वीकृति के बाद भी नहीं लग रहा ट्रांसफार्मर
बालोतरा.
नगर में डिस्कॉम के ढुलमल रवैये से कई वार्डों के रहवासी लंबे समय से वार्ड में विद्युत वॉल्टेज की समस्या पर राहत को तरस गए हैं। डिस्कॉम के स्वीकृती के बावजूद कुछ जनों के विरोध पर ट्रांसफार्मर नहीं लगाने पर शेष रहवासियों को हर दिन पहले की तरह परेशानियां उठानी पड़ रही है। वॉल्टेज उतार-चढ़ाव पर विद्युत उपकरण खराब व जल रहे हैं। इससे रहवासियों को परेशानियों के साथ आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इससे रहवासियों में रोष है।
नगर में हर दिन नए होते विद्युत कनेक्शन व बढ़ते विद्युत उपभोग पर शहर के कई वार्डों में विद्युत वॉल्टेज समस्या रहवासियों के लिए जी का जंझाल बनी हुई है। सुबह-दोपहर-शाम विद्युत वॉल्टेज में भारी उतार-चढ़ाव पर कूलर, एसी तो दूर पंखें नहीं चलते। ट्यूबलाइट, बल्प पूरी रोशनी नहीं देते हैं। अधिक उतार-चढ़ाव पर कई बार विद्युत उपकरण खराब होते अथवा जलते हैं। शहर के कई वार्डों में इस स्थिति पर रहवासियों का जीना दूभर हो गया है। इस पर भीषण पड़ रही गर्मी व उमस से इनकी हालत खस्ताहाल हो रखी है।
डिस्कॉम की देरी, पड़ रही भारी
शहर के वार्ड संख्या 29 में वॉल्टेज समस्या को लेकर डिस्कॉम ने करीब एक माह पूर्व अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की स्वीकृति जारी की थी। इसे लगाने को लेकर डिस्कॉम के स्थान चिह्नित कर कार्य शुरू करने पर पड़ौसी ने विरोध जताते हुए कार्य बंद करवाया दिया। इसके बाद डिस्कॉम ने पूर्व चिह्नित अथवा अन्यत्र स्थान पर ट्रांसफार्मर लगाने को लेकर कोई ठोस प्रयास नहीं किए। इसे लगाने की मांग को लेकर घर से डिस्कॉम कार्यालय तक चक् कर काटते काटते रहवासियों के चप्पल घिस गए हैं। लेकिन अधिकारी सामान की कमी अथवा पुलिस इमदाद नहीं मिलने का हवाला देकर इन्हें घर का रस्ता दिखा रहे हैं। शहर के अन्य कई वार्डों में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने को लेकर स्वीकृति जारी हो रखी है। लेकिन डिस्कॉम अधिकारी इसमें रुचि नहीं ले रहे हैं।
मंत्री के हस्तक्षेप पर लगा ट्रांसफार्मर
नगर के वार्ड संख्या 5 में वॉल्टेज समस्या को लेकर डिस्कॉम ने अतिरिक्त विद्युत ट्रांसफार्मर लगाने की स्वीकृति जारी की थी। डिस्कॉम के एक स्थान चिह्नित कर कार्य शुरू करने पर दो पक्ष आमने सामने हो गए। वार्ड के अधिकांश रहवासियों के चिह्नित स्थान पर ट्रांसफार्मर लगाने की मांग व डिस्कॉम के इससे पैर पीछे हटाने पर ये सभी एकत्रित होकर राजस्व राज्य मंत्री के पास पहुंचे। इनके निर्देश पर डिस्कॉम ने ट्रांसफार्मर लगा इसे शुरू किया। डिस्कॉम के इसी तरह अन्य मामलों में ढुलमूल रवैया अपनाने पर रहवासी राहत को तरस गए हैं।
Published on:
23 Jun 2018 11:09 pm
