
सांसद कर्नल सोनाराम ने टिकट को लेकर दिया बड़ा बयान, कहा- मेरा आखिरी पड़ाव है ..
बाड़मेर.
बाड़मेर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा बूथ सम्मेलन में मंगलवार को टिकट की दावेदारी को लेकर नेताओं ने खुलकर दिल की बात रखी। सांसद कर्नल सोनाराम ने कहा कि मेरा आखिरी पड़ाव है और टिकट सोच समझकर मांगा है, क्योंकि जो सामने है उसका इलाज करना भी जरूरी है। इधर, यूआईटी चेयरपर्सन डॉ. प्रियंका चौधरी ने कहा कि पिछला चुनाव हारने के बावजूद जनता के साथ रही और दर्द को समझा है। कांटों भरा ताज संभालने की जिम्मेदारी मिली। उसे भी बखूबी निभाकर काम किया है। कर्नल सोनाराम ने कहा कि बहुत दर्द होता है, जब मेरे घर पर कोई बोलता है कि रेलवे की जमीन पर मकान बना दिया। उन्होंने कहा कि जो आलाकमान का आदेश होगा, उसकी पालना करूंगा।
यूआईटी चेयरपर्सन ने कहा कि भाजपा कार्यकाल में विकास के खूब कार्य हुए। अब जनता के सामने आंकड़े लेकर जाना होगा। चुनाव निशान कमल का फूल किसी को भी मिले उसका साथ देना है। वरिष्ठ नेता हेमसिंह राजपुरोहित, महावीरसिंह चूली, जिलाध्यक्ष दिलीप पालीवाल, आदूराम मेघवाल, रमेश शर्मा, अमृतलाल जैन, अशरफ अली, रमेशसिंह इंदा, देवीलाल कुमावत, कैलाश कोटडिय़ा सहित कई पदाधिकारियों ने भी सम्बोधित किया।
Published on:
23 Oct 2018 09:22 pm
