
सड़क क्षतिग्रस्त, मरम्मत की दरकार, नहीं दे रहे ध्यान
समदड़ी. कस्बे के मुख्य बाजार से गुजरने वाली सड़क करीब दस साल से टूटी हुई है, लेकिन आज दिन तक इसकी मरम्मत तक नहीं करवाई गई। इस पर आवागमन को लेकर हर दिन राहगीरों, वाहन चालकों व व्यापारियों को परेशानी उठानी पड़ती है।
रामदेव मन्दिर से लेकर गौर का चौक तक की सड़क बिखरी हुई है। यहां बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, इसके चलते हर दिन राहगीरों, वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ती है। करीब आधा किलोमीटर दूरी पर खानापूर्ति के नाम पर कई बार मरम्मत की गई, लेकिन सही मरम्मत नहीं करने से कुछ समय बाद यह फिर से सड़क उखड़ जाती है। जरूरत है तो दुबारा निर्माण की, लेकिन यहां तो मरम्मत भी सही ढंग से नहीं हो रही।
उड़ती रेत, लोगों को दिक्कत- इस पर खस्ताहाल सड़क से हर दिन सैकड़ों वाहनों की आवाजाही रहती है। सड़क क्षतिग्रस्त होने से यहां पूरे दिन रेत उड़ती है। इससे राहगीरों, वाहन चालकों के साथ दुकानदारों को परेशानी उठानी पड़ती है। उड़ती रेत से सामान खराब होने को लेकर व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ता है। वहीं दिन में कई बार दुकान की सफाईकरनी पड़ती है।
रही-सही कसर जलदाय विभाग ने की पूरी- रही सही कसर जलदाय विभाग ने पूरी कर दी। ठेकेदार ने भूमिगत पाइपलाइन लाइन बिछाने के बाद इसकी मरम्मत तक नहीं की। इससे पूरे दिन उड़ती रेत से आमजन व व्यापारियों को दिक्कत होती है। सार्वजनिक निर्माण विभाग के सड़क की मरम्मत नहीं करने से कस्बेवासियों में रोष है। निसं.
दिनभर उड़ती रेत, परेशानी - मुख्य बाजार की सड़क लम्बे समय से क्षतिग्रस्त है। वाहनों की भारी आवाजाही से पूरे दिन धूल उड़ती है। इसके दुकानों में जमा होने से अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। - महेन्द्र गोयल, व्यापारी
आवागमन हुआ मुश्किल- बाजार की सड़क लम्बे समय से क्षतिग्रस्त है । जगह-जगह गड्एे होने से आवागमन मुश्किल हो गया है। आमजन की इस बड़ी समस्या पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। - जितेन्द्र सैन
Published on:
24 Apr 2019 04:00 am
