
उल्टी के लिए बाहर निकाला मुंह, आया ट्रैक्टर की चपेट में, मौत
बालोतरा (बाड़मेर).बागुंडी चौराहे के पास बालोतरा रोड पर सोमवार शाम को एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से बस में बैठे व्यक्ति की मौत हो गई। हुआ यों कि बालोतरा से भाडखा जाने वाली में बस में पीछे की सीट पर बैठे नया बाटाडू (सिंगोडिय़ा) निवासी मूलाराम (42) पुत्र जेठाराम ने बागुंडी चौराहे से थोड़ा पहले उल्टी करने के लिए खिड़की से मुंह बाहर निकाला तो सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर की टक्कर लग गई। इससे मूलाराम का सिर बुरी तरह से पिचक गया। सूचना पर बालोतरा से 108 एम्बुलेंस भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक घायल व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पचपदरा थाने के एएसआइ अमराराम, दूदवा चौकी प्रभारी खंगाराराम गोदारा मय जाप्ता मौके पर पहुंचे। इन्होंने दोनों वाहनों को जब्त कर दूदवा चौकी में खड़ा करवाया। इसके बाद शव को बालोतरा के राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया। रिश्तेदार हड़मानराम की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंपा।
थोड़ी सी लापरवाही और जान जोखिम में- इस घटना में थोड़ी सी लापरवाही सामने आई है। लोग अक्सर चलने वाहन से हाथ-पैर या सिर बाहर निकलते हैं। इसके अनहोनी का अंदेश रहता है। इस मामले में भी यही हुआ। बिना देखे ही मुंह बाहर निकलाने पर टै्रक्टर से टकराने से युवक जान गंवा बैठा।
इधर,ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो युवक घायल
बालोतरा.मेगा हाइवे पर टापरा गांव के पास सोमवार दोपहर में ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो युवक घायल हो गए। हैड कांस्टेबल गोमाराम धतरवाल ने बताया कि टापरा गांव में पानी की टंकी के पास सिणधरी की ओर से आ रहे ट्रक ने सामने आ रही बाइक को टक्कर मार दी। इससे मोटरसाइकिल सवार चुन्नीलाल पुत्र वेहनाराम जाट व प्रदीप पुत्र उदाराम जाट निवासी होडू (सिणधरी) घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच उन्हें अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
Published on:
11 Jun 2019 12:49 am
