
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन और मृतक दूल्हा (फोटो- पत्रिका )
Barmer Road Accident: राजस्थान के बाड़मेर के चौहटन सरूपे का तला सड़क मार्ग पर बूठ राठौड़ान गांव की सरहद में मंगलवार दोपहर एक सड़क हादसे में दूल्हे सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक लूंगाराम (20) पुत्र आशाराम समेलों का तला की 6 जून को शादी तय थी। वह अपने रिश्तेदारों के साथ चौहटन सामान खरीदने आया था।
जानकारी के अनुसार, एक जीप सड़क किनारे खड़ी थी, जिसमें लोग बैठे हुए थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने जीप को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जीप के परखच्चे उड़ गए और वह पलट गई। इस हादसे में मौके पर ही लूंगाराम की मौत हो गई, जबकि खेताराम (17) पुत्र आत्माराम, निवासी समेलों का तला, ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
हादसे में जीप में सवार शंकरलाल पुत्र आशाराम और शेखाराम पुत्र खंगाराम मेघवाल गंभीर घायल हुए। वहीं, सड़क किनारे दुकान पर बैठे बाबूलाल पुत्र रूखमाराम, पांची पत्नी द्वारकाराम, देवीचंद पुत्र बन्नाराम एवं प्रकाश पुत्र दमाराम (सभी निवासी बूठ राठौड़ान) भी चपेट में आ गए और घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति में बाड़मेर रेफर किया गया।
यह वीडियो भी देखें
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर थानाधिकारी राजूराम बामणिया पुलिस दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों वाहनों को जब्त कर शवों को मोर्चरी भिजवाया। एसडीएम कुसुमलता चौहान और डीएसपी जीवनलाल खत्री ने अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति जानी और बेहतर इलाज के निर्देश दिए। हादसे की खबर मिलते ही चौहटन अस्पताल परिसर में भीड़ उमड़ पड़ी। घर में शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं और गांव में शोक की लहर छा गई।
शाम को हादसे की जानकारी मिलते ही विधायक आदूराम मेघवाल अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस दुख की घड़ी में सरकार व प्रशासन उनके साथ है। साथ में डॉ. शंभूराम गढ़वीर, मांगीलाल बोथरा, देवीलाल चौधरी और दिनेश विश्नोई सहित कई लोग मौजूद रहे।
Updated on:
3 Jun 2025, 8:20 PM IST
Published on:
3 Jun 2025, 8:20 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.