
फोटो पत्रिका
भरतपुर। चिकसाना थाना क्षेत्र के गांव फुलवारा में एक जने की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने तीन जनों को पकड़ा है। इनमें दो बाल अपचारी हैं। पकड़े गए तीनों आरोपियों के पैर में चोट लगी है। गिरफ्तार किए गए आरोपी के पैर पर प्लास्टर चढ़ा हुआ है। पुलिस ने दावा किया है कि भागते समय उसके पैर में चोट लग गई।
थाने पर कप्तान सिंह पुत्र लाल सिंह निवासी फुलवारा की ओर से दी गई रिपोर्ट पर पुलिस ने सरगर्मी ने आरोपियों की तलाश शुरू की। सोमवार सुबह करीब 7-8 बजे घटना में शामिल आरोपी तीरथपाल (20) पुत्र पूरन सिंह ठाकुर निवासी चौमा थाना जैत मथुरा गांव भरंगरपुर में रेलवे की पटरियों पर भागता हुआ दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह तेजी से भागा और उसके पैर में चोट लग गई, जिसे हिरासत में लेने के बाद आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले का अनुसंधान थाना प्रभारी हनुमान सहाय ने किया। पुलिस ने अन्य दो बाल अपराधियों को निरुद्ध किया है।
13 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि गांव सूती फुलवारा चौराहा पर गांव पीपला के पांच लड़कों ने फुलवारा निवासी अशोक कुमार पुत्र लाल सिंह के सिर में गोली मार दी है। सूचना पर हनुमानसहाय सीआई मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सर्च अभियान चलाया। इस दौरान एक बालक खेतों में छिपा मिला, जिसकी जांघ से खून निकल रहा था, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान साक्ष्य के रूप में खून, पिस्टल का खाली कारतूस तथा एक बाइक को जब्त किया गया। एसपी मृदुल कच्छावा ने गिरफ्तारी के लिए एएसपी सतीश यादव एवं सीओ ग्रामीण आकांक्षा के सुपरवीजन में डीएसटी इंचार्ज मुकेश कुमार, कृष्णवीर सिंह थाना प्रभारी सदर बयाना ने मय टीम के तलाश जारी रखी।
उल्लेखनीय है कि 13 जुलाई को शाम करीब 5 बजे बृजेश अपनी दुकान पर बैठा था इसी दौरान पीपला निवासी छोटू, जीतू ठाकुर व चौमू (चौमा) निवासी तीरथपाल ठाकुर दुकान पर आए और शराब पार्टी करने को 1500 रुपए एवं नमकीन मांगी। कहासुनी होने पर अन्य लोग जुट गए तो आरोपी भाग गए।
शाम करीब 6 बजे बृजेश एवं लवकुश रोज की तरह चामड़ पर जा रहे थे। सूती पीपला चौराहा पर छोटू, जीतू, नितिन, सूरज, तीरथपाल सहित अन्य दो जने मिले, जिनके पास अवैध हथियार थे। यह बृजेश और लवकुश से मारपीट करने लगे और कहा कि तुहारी इतनी हिम्मत कि हमें पार्टी करने के पैसे नहीं दो। इस पर बृजेश ने पिता अशोक को फोन कर दिया। अशोक ने तगादा किया तो जीतू-छोटू ने कहा कि बड़े दादा बन रहे हो, अब देखते हैं तुम्हें कौन बचाता है। इसके बाद जीतू ने अशोक के सिर में अवैध हथियार से गोली मार दी और भाग गए।
Updated on:
16 Jul 2025, 2:38 PM IST
Published on:
16 Jul 2025, 2:38 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.