
रिश्वत के साथ पकड़े गए आरोपी (फोटो-पत्रिका)
भरतपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने शुक्रवार को भरतपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए समग्र शिक्षा विभाग से जुड़े दो कनिष्ठ अभियंताओं को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में धीरेन्द्र श्रीवास्तव, कनिष्ठ अभियंता (सिविल), मुख्यालय और राकेश कुमार गुप्ता, कनिष्ठ अभियंता, कुम्हेर ब्लॉक (संविदा कर्मी) शामिल हैं। दोनों को परिवादी से 23,400 रुपये की रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया गया।
ACB महानिदेशक गोविंद गुप्ता के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार, परिवादी ने अपने कार्यों के लिए पहले सुरक्षा जमा राशि (SD) जमा कराई थी। जब उसने यह राशि वापस मांगी, तो दोनों अभियंताओं ने उसे लौटाने के बदले 7.1 प्रतिशत कमीशन के रूप में रिश्वत की मांग की और लगातार परेशान किया।
पीड़ित ने इसकी शिकायत एसीबी चौकी भरतपुर में दर्ज कराई। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। एसीबी रेंज भरतपुर के महानिरीक्षक पुलिस राजेश सिंह के निर्देशानुसार और उप महानिरीक्षक रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
शुक्रवार को योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई करते हुए दोनों अभियंताओं को परिवादी से 23,400 रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। मौके पर ही नकदी बरामद कर जब्त कर ली गई और दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में आरोपियों से पूछताछ जारी है। ब्यूरो द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। ACB अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्यों में रिश्वतखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Updated on:
06 Feb 2026 10:32 pm
Published on:
06 Feb 2026 06:11 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
