
थाने में मामला दर्ज (फोटो- पत्रिका)
Bharatpur News: राजस्थान के भरतपुर जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। सीकरी थाना क्षेत्र के एक गांव में पड़ोसियों द्वारा सरेआम की गई अभद्रता और बेइज्जती से आहत होकर एक विवाहिता ने मौत को गले लगा लिया।
बता दें कि आरोपियों ने न केवल महिला के साथ मारपीट की, बल्कि सबके सामने उसके कपड़े फाड़कर उसे बेपर्दा कर दिया। इस गहरे मानसिक आघात और अपमान को महिला सहन नहीं कर सकी और फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
मृतका के पति द्वारा पुलिस में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, घटना 24 जनवरी की शाम करीब 6 बजे की है। परिवादी अपने परिवार और बच्चों के साथ घर पर बैठा था, तभी अचानक पड़ोसी रंजिश के चलते उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर जब उसकी पत्नी बीच-बचाव करने आई, तो आरोपियों ने सारा गुस्सा उस पर निकाल दिया।
आरोप है कि दबंग पड़ोसियों ने महिला के साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट की और सरेआम उसके कपड़े फाड़ दिए। इस घिनौने कृत्य के कारण महिला गांव वालों के सामने बेआबरू हो गई। हालांकि, मौके पर मौजूद कुछ ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, लेकिन इस घटना ने महिला के आत्मसम्मान को गहरी चोट पहुंचाई।
घटना के बाद से ही महिला गहरे सदमे और तनाव में थी। अपनों और ग्रामीणों के सामने हुई इस बेइज्जती के कारण वह किसी से नजरें मिलाने की स्थिति में नहीं थी। उसी शाम जब घर के लोग अन्य कार्यों में व्यस्त थे, तब मौका पाकर महिला घर के पीछे बने गैतवाड़े (पशुओं के बाड़े) में गई और वहां अपने लूंगड़े (ओढ़नी) का फंदा बनाकर झूल गई।
जब परिजनों को महिला के फंदे पर लटकने की सूचना मिली, तो कोहराम मच गया। उसे तुरंत आनन-फानन में सीकरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। वहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। स्थिति में सुधार न होने पर उसे अलवर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते हुए आखिरकार महिला ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने मृतका के पति की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। थाना पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
Updated on:
26 Jan 2026 12:45 pm
Published on:
26 Jan 2026 12:45 pm
