
Operation Langda : अपराधों में छलांग के बाद अब भरतपुर पुलिस नए अवतार में है। हालांकि अपराधों का पूरी तरह खात्मा नहीं हुआ है, लेकिन आरोपियों के मन में खौफ जरूर बैठ गया है। इसकी बड़ी वजह यह है कि अपराध को अंजाम देने वाला कोई भी आरोपी सीधे अपने पैरों पर चलकर थाने नहीं आ सका है। अब सिफारिश भी पकडऩे या छोडऩे की नहीं, बल्कि ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के टॉर्चर से बचाने की हो रही है। यही वजह है कि पिछले कुछ समय से संगीन अपराधों पर लगाम लगी है।
पुलिस ने अपने ध्येय वाक्य ‘आमजन में विश्वास, अपराधियों में डर’ को कायम रखने के लिए आरोपियों की खबर लेना शुरू कर दिया है। इसका असर भी सामने आया है। यूपी से यहां आकर अपराध करने वाले अब कुछ दिनों से भूमिगत नजर आ रहे हैं। इसकी वजह यह है कि भरतपुर पुलिस ने भी सख्ती शुरू कर दी है। पिछले सात-आठ माह में जितने भी अपराध हुए, उनके आरोपी लंगड़ाकर ही थाने तक आए हैं। पुलिस ने ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ अभियान चलाकर ऐसे आरोपियों की खबर लेना शुरू कर दिया है। पिछले कुछ दिनों से बड़े अपराधों पर लगाम है। छोटे-बड़े अपराध करने वाले आरोपियों के या तो पैर में गोली लगीं या उनकी पैर की हड्डी टूट गई। लेकिन ज्यादातर आरोपी खुद के पैरों में खड़े होकर नहीं चल सके हैं।
केस 01
26 अगस्त 2023 को आरोपी तेजवीर, बंटी एवं बालक युवराज ने हीरादास के समीप दिनदहाड़े अजय झामरी की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपियों को पकडऩे पुलिस गई तो आरोपियों ने फायरिंग की। जवाबी मुठभेड़ में तीनों फरार आरोपियों के पैर में गोली लगी।
केस 02
28 अगस्त 2023 : दिनदहाड़े स्वर्णकार पन्नालाल ज्वैलर्स की दुकान पर चार आरोपियों ने लूट की वारदात करने में स्वर्णकार को गोली मारी। पुलिस आरोपियों को पकडऩे गई तो आरोपियों ने फायरिंग की। मुठभेड़ में तीनों फरार आरोपियों के पैरों में गोली लगी।
केस 03
9 जनवरी 2024 : आरोपी वेदो गुर्जर को गिरफ्तार करने के दौरान आरोपी की टांग की अस्थि भंग हो गई। आरोपी से 7 अवैध देशी कट्टा 315 बोर के पांच एवं 12 बोर के दो कट्टा मय असला 18 जिंदा कारतूस 12 बोर व 16 चले हुए कारतूस 12 बोर बरामद किए गए।
केस 04
13 जनवरी 2024 : आरोपी कौशल को गिरफ्तार करने में आरोपी की टांग की अस्थि भंग हो गई। आरोपी से एक पिस्टल मय दो मैग्जीन पांच जिंदा कारतूस, दो देशी कट्टा मय एक जिंदा कारतूस बरामद हुए।
केस 05
28 अक्टूबर 2023 : साहिल उर्फ मन्नी पुत्र सलिल जैन अपनी दुकान को बंद करके दो बैग लेकर घर आ रहा था। दो व्यक्तियों ने जो पहले से ही तैयार खड़े थे। तलाशी के दौरान मुठभेढ़ में पैर में गोली लगी।
केस 06
17 मई 2023 : दिनदहाड़े दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से आए और आते ही दोनों ने अजय निवासी झामरी के ऊपर फायर कर दिया, जो दाई जांघ में लगा। आरोपी बंटी को गिरफ्तार किया गया। भागने के प्रयास में आरोपी के पैर की अस्थि भंग हुई।
केस 07
25 जून 2023 : सुधा हत्याकांड में आरोपी माधव एवं शिशुपाल को गिरफ्तार करने के दौरान दोनों के पैर में अस्थि भंग हुई।
केस 08
13 जुलाई 2023 : आमोली टोल पर कुलदीप जघीना की हत्या कर भागने वाले आरोपी के पैर में अस्थि भंग हुआ।
यह भी पढ़ें- जान पर भारी झोलाछाप चिकित्सक का इलाज, युवक की मौत
पुलिस की रणनीति पहले से ही तय है। छोटे अपराधों पर फोकस कर रहे हैं, ताकि वह बड़े नहीं हों। क्योंकि छोटे अपराधों से ही बड़े अपराध पनपते हैं। जितने भी अपराध हुए हैं, पुलिस ने उनमें सख्ती से कार्रवाई की है। ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत अपराध करने वाला कोई भी बदमाश अपने पैरों पर सीधे चलकर नहीं आ रहा है। यही पुलिस का अपराधियों को संदेश है।
- मृदुल कच्छावा, पुलिस अधीक्षक भरतपुर
Published on:
28 Feb 2024 02:11 pm
