
बृज नगर. बिजली घर पर विरोध प्रदर्शन करते ग्रामीण। फोटो पत्रिका
Bharatpur Electricity : भरतपुर के बृजनगर उपखंड क्षेत्र के ग्राम मानोता कलां में थ्री फेज बिजली आपूर्ति बाधित रहने से ग्रामीणों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही है। किसानों का कहना है कि पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से पशुओं के लिए बोई गई हरे चारे की फसल सूखने की कगार पर पहुंच गई है। वहीं पानी की मोटरें बंद होने से गांव में पेयजल संकट भी गहरा गया है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जालूकी जीएसएस पहुंचकर प्रदर्शन किया और विद्युत विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई।
ग्रामीणों ने बताया कि कई दिनों से थ्री फेज बिजली आपूर्ति नियमित नहीं हो रही है, जिससे सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहे हैं। खेतों में खड़ी चारे की फसल को समय पर पानी नहीं मिल पा रहा है। किसानों का कहना है कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं हुई तो फसल खराब होने से भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
भरतपुर में पशुपालकों के सामने भी पशुओं के चारे का संकट खड़ा होने की आशंका बढ़ गई है। बिजली संकट का असर पेयजल व्यवस्था पर भी पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार बिजली नहीं मिलने से पानी की मोटरें संचालित नहीं हो पा रही है, जिसके कारण कई स्थानों पर पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है। भीषण गर्मी के बीच पानी की समस्या ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से शीघ्र समाधान की मांग करते हुए कहा कि समस्या को लेकर कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक स्थाई समाधान नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन में दिगंबर सिंह, राजेश चौधरी, विजेंद्र, हरिराम, विक्रम, फूल सिंह, राधेश्याम, देवेंद्र सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
गांव में लंबे समय से थ्री फेज बिजली की समस्या बनी हुई है। बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से किसानों की फसलें और पशुपालकों के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। विभाग को कई बार अवगत कराया गया है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
दिगंबर सिंह, मानोता कलां
संबंधित क्षेत्र में बिजली आपूर्ति संबंधी समस्या की जानकारी मिली है। तकनीकी कारणों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा शीघ्र समाधान का प्रयास किया जाएगा।
चंद्रेश शर्मा, अधिशासी अभियंता, डिस्कॉम, बृज नगर सहित
Updated on:
04 Jun 2026 10:05 am
Published on:
04 Jun 2026 10:05 am
