
Guru Purnima : राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा। फोटो पत्रिका
Guru Purnima : गुरु शिक्षा देता है, सीख सिखाता है। शासन की जिम्मेदारी गुरु और शिष्य को ऐसा आदर्श वातावरण, सुविधाएं और प्रेरणा उपलब्ध करवाना है, जहां गुरु देश और दुनिया के बेहतर भविष्य के लिए शिष्य को श्रेष्ठ नागरिक के रूप में गढ़ सके। इसी सोच के साथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरु पूर्णिमा पर प्रदेश के शिक्षा जगत को कई बड़ी सौगातों का तोहफा देंगे। भरतपुर में 29 जुलाई को आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री 691 करोड़ रुपए के शैक्षिक निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। 40 लाख से अधिक पात्र विद्यार्थियों को नि:शुल्क यूनिफॉर्म के लिए 250 करोड़ रुपए की डीबीटी करेंगे और 6 करोड़ रुपए के व्हीलचेयर, टेबलेट का वितरण करेंगे।
बालिका शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री भरतपुर जिले की वैर तहसील के खेड़ली गुर्जर में बालिका सैनिक विद्यालय का शिलान्यास भी करेंगे। राज्य स्तरीय समारोह में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म सहित अन्य गणमान्य जन शामिल होंगे।
कक्षा 1 से 8 में अध्यनरत 40 लाख से अधिक पात्र विद्यार्थियों को नि:शुल्क यूनिफॉर्म के लिए 250 करोड़ रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की जाएगी।
विद्यार्थियों की बुनियादी शिक्षा को बेहतर बनाने एवं पठन को सहज बनाने के लिए मुख्यमंत्री 'मिशन पढ़ो राजस्थान' के अंतर्गत रीडिंग प्रमोशन कैम्पेन का शुभारंभ करेंगे। इस कार्यक्रम के तहत प्रदेश के समस्त विद्यालयों में प्रतिदिन 7वें कालांश में पठन किया जाएगा।
अभिभावकों का विद्यालय से लगाव व भागीदारी बढ़ाने और विद्यार्थियों की वर्ष भर की शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी देने के लिए निपुण कैलेंडर का भी विमोचन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को मूंड़िया पूर्णिमा (गुरु पूर्णिमा) मेले के अवसर पर डीग जिले के पूंछरी का लौठा स्थित श्रीनाथजी मंदिर में सपत्नीक दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली के लिए कामना की।
मुख्यमंत्री ने सप्तकोसी गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं से आत्मीयता के साथ मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पूंछरी में प्याऊ पर जल सेवा की तथा भक्तों को भंडारे की प्रसादी का वितरण किया। साथ ही, उन्होंने पदयात्रियों पर पुष्प वर्षा भी की। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों में विशेष उत्साह नजर आया। श्रद्धालुओं ने ‘गिरिराज महाराज की जय’ और ‘राधे-राधे’ के जयकारे लगाएं और मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा प्रतिवर्ष मूंड़िया पूर्णिमा (गुरु पूर्णिमा) मेले के अवसर पर गोवर्धन परिक्रमा मार्ग के पूंछरी में श्रद्धालुओं को पूर्ण सेवाभाव से शीतल जल एवं प्रसादी का वितरण करते हैं।
इस अवसर पर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, विधायक डॉ. शैलेश सिंह सहित विभिन्न जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण एवं आमजन उपस्थित रहे।
Updated on:
28 Jul 2026 10:55 pm
Published on:
28 Jul 2026 10:55 pm
